सवालों के फटाफट जवाब देकर बच्चों ने दिखाया आत्मविश्वास
जौनपुर : राज्य परियोजना के सलाहकार मुहम्मद अनस ने शुक्रवार को क्षेत्र के निपुण और गैर-निपुण विद्यालय के रूप में मॉडल कंपोजिट विद्यालय डीह जहानिया व प्राथमिक विद्यालय ताहिरपुर का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाना और सभी विद्यालयों को निपुण श्रेणी में लाना है। प्राथमिक विद्यालय ताहिरपुर पहुँचते ही नामांकित बच्चों ने अधिकारी का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। कक्षा में पहुँचकर सलाहकार ने छात्र-छात्राओं से पाठ्यक्रम से जुड़े प्रश्न पूछे। बच्चों ने बिना किसी झिझक के निर्भीक होकर गणित, हिंदी और पर्यावरण विषय के प्रश्नों के सटीक उत्तर दिए और अपनी तीव्र याददाश्त तथा बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया। सलाहकार ने बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा, “सिकरारा क्षेत्र के बच्चे पढ़ाई में काफी आगे हैं। शिक्षकों द्वारा कराई जा रही गतिविधि आधारित शिक्षा का सकारात्मक असर स्पष्ट दिखाई दे रहा है।”
निपुण भारत मिशन पर विशेष जोर
सलाहकार मुहम्मद अनस ने शिक्षकों से संवाद करते हुए स्पष्ट किया कि निपुण भारत मिशन के तहत कक्षा 1 से 3 तक के बच्चों में पढ़ने, लिखने और बुनियादी गणितीय क्षमता का विकास करना मुख्य लक्ष्य है। इसके लिए पठन-पाठन को रोचक माध्यमों से संचालित किया जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों, पुस्तकालय, स्मार्ट क्लास और खेल सामग्री का भी जायजा लिया। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिए कि कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे कोई भी बच्चा शिक्षा के क्षेत्र में पीछे न छूटे। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए इस प्रकार के औचक निरीक्षण आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष व विद्यालय के प्रधानाध्यापक अमित सिंह, एआरपी संतोष मिश्र, शिक्षकगण – आराधना उपाध्याय, मंजू जैसवार, गजाला बानो, नेहा जायसवाल, श्यामधर यादव, माधुरी सिंह एवं मनोज कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।




