Fastblitz 24

जौनपुर में सजेगा वैश्विक अध्यात्म का महामंच: होगा संतों का समागम, बिखरते रिश्तों को थामेगा ‘नारी महाकुंभ’

विश्व में पहली बार होगी ‘मातु जानकी कथा’

टूटते परिवारों को बचाने और राष्ट्र निर्माण में आधी आबादी की भूमिका पर 9 दिनों तक मथेंगे देश-विदेश के प्रबुद्ध मानस

टूटते रिश्तों को बचाने और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका पर जुटेंगे 7 राज्यों के जगद्गुरु व महापुरुष; पहली बार होगी ‘मातु जानकी कथा’

​        जौनपुर। भारतीय सांस्कृतिक पुनर्जागरण के इतिहास में कल एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है। जलालपुर क्षेत्र के पुरेंव गाँव स्थित सिद्धपीठ श्री बड़कु हनुमान जी आश्रम में विश्व के पहले “9 दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय नारी महाकुंभ” का भव्य शुभारंभ बुधवार, 10 जून से होने जा रहा है। राज राजेश्वर ट्रस्ट (यूएसए) एवं विशाल भारत संस्थान (भारत) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह महाकुंभ आगामी 18 जून तक चलेगा, जिसमें देश-विदेश के विचारकों और संतों का महासमागम होने जा रहा है।

​                      महाकुंभ का सबसे बड़ा आकर्षण “विश्व में पहली बार मातु जानकी कथा” का आयोजन है, जिसका रसपान कराने के लिए काशी की धरती से प्रख्यात जगद्गुरु पधार रहे हैं।

बुधवार सुबह 10 बजे होगा भव्य उद्घाटन

​       आयोजन समिति के अनुसार, इस भव्य अंतर्राष्ट्रीय महोत्सव का उद्घाटन 10 जून को प्रातः 10 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच किया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन में देश के 7 राज्यों के जगद्गुरु, श्रीमहंत, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ प्रचारक, फिल्म निर्देशक, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न देशों के नीति नियंता व सामाजिक चिंतक शिरकत करेंगे। आयोजन में प्रतिदिन 5 हजार से अधिक नारी शक्ति की सहभागिता दर्ज होगी।

टूटते परिवारों और बिखरते रिश्तों को बचाने का अनूठा प्रयोग

​यह महाकुंभ केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आज के आधुनिक दौर में बिखरते सामाजिक ताने-बाने को सहेजने का एक बड़ा सामाजिक प्रयोग है। नौ दिनों तक चलने वाले इस वैचारिक महामंथन में मुख्य रूप से टूटते रिश्तों, बिगड़ते पारिवारिक संबंधों, सामाजिक समरसत और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की सक्रिय भूमिका को लेकर देश के प्रबुद्ध मानस के बीच गंभीर चर्चा की जाएगी।

जगद्गुरु श्री बालक देवाचार्य जी महाराज संभालेंगे व्यासपीठ

​महोत्सव के अंतर्गत आयोजित होने वाली दिव्य ‘मातु जानकी कथा’ की मुख्य व्यासपीठ पर सनातन धर्म सम्राट, वैष्णव सम्प्रदाय के जगद्गुरु श्री बालक देवाचार्य जी महाराज (पीठाधीश्वर, सिद्धपीठ पातालीपुरी मठ, काशी) विराजमान होंगे। महाराज श्री के श्रीमुख से श्रद्धालु प्रतिदिन अपराह्न से सायं काल तक परंपरा, संस्कार, संस्कृति, नारी सम्मान, धर्म और लोक व्यवहार पर केंद्रित अमृत वर्षा का श्रवण करेंगे।

देशभर से पूज्य संतों और महापुरुषों का होगा आगमन

​नारी महाकुंभ को आशीर्वाद देने के लिए देश के कोने-कोने से पूज्य संतों का आगमन हो रहा है, जिनमें मुख्य रूप से:

  • ​जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी श्री वैदेही वल्लभ देवाचार्य जी महाराज (जोधपुर, राजस्थान)
  • ​जगद्गुरु नाभाद्वाराचार्य स्वामी श्री सुतीक्ष्ण देवाचार्य जी महाराज (वृंदावन)
  • ​जगद्गुरु विश्वतुलद्वाराचार्य स्वामी श्री विजयराम देवाचार्य जी महाराज ‘भैया जी’ (वृंदावन)
  • ​अखिल भारतीय श्री पंच निर्वाणी अनी अखाड़ा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमहंत श्री मुरली दास जी महाराज, राष्ट्रीय महासचिव श्रीमहंत श्री सत्यदेव दास जी महाराज (अयोध्या)
  • ​अखिल भारतीय सन्त समिति के राष्ट्रीय मंत्री श्रीमहंत श्री गौरी शंकर दास जी महाराज (अयोध्या) शामिल हैं।

9 दिवसीय वैचारिक संगोष्ठी के मुख्य विषय

​महाकुंभ के दौरान प्रतिदिन भारतीय नारी के विभिन्न स्वरूपों और समसामयिक विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी, जो इस प्रकार है:

  • 10 जून (प्रथमा): नारी शौर्य गाथा (शौर्य का सजीव प्रदर्शन)
  • 11 जून (द्वितीया): लोक कला एवं संस्कृति का संरक्षण
  • 12 जून (तृतीया): आधुनिक शिक्षा और नारी की दशा
  • 13 जून (चतुर्थी): भारतीय राष्ट्रवाद में नारी का योगदान
  • 14 जून (पंचमी): सामाजिक समरसता की धुरी बनी नारी
  • 15 जून (षष्ठी): भारतीय इतिहास के झरोखे से नारी शक्ति
  • 16 जून (सप्तमी): पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति रूपी नारी
  • 17 जून (अष्टमी): राष्ट्रधर्म एवं समसामयिक राजनीति में नारी
  • 18 जून (नवमी): परिवार प्रबंधन और संस्कारों में नारी की भूमिका

तैयारियों में जुटा आयोजक मंडल

​अंतर्राष्ट्रीय नारी महाकुंभ के मुख्य आयोजक पं. प्रवीण मिश्रा ‘रिंकू महाराज’ (अंतर्राष्ट्रीय चेयरमैन, राज राजेश्वर ट्रस्ट, यूएसए) और कार्यक्रम के संयोजक व योजनाकार डॉ. राजीव श्रीगुरुजी (राष्ट्रीय अध्यक्ष, विशाल भारत संस्थान) ने बताया कि वाराणसी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से मात्र 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित इस पावन धाम पर देश-विदेश से आने वाले अतिथियों और श्रद्धालुओं के स्वागत की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। महाकुंभ व्यवस्था प्रमुख डॉ. कवीन्द्र नारायण, कंट्रोल रूम प्रभारी डॉ. अर्चना भारतवंशी और प्रदेश अध्यक्ष नौशाद अहमद दूबे सहित पूरी टीम व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज