Fast Blitz 24 – विशेष रिपोर्ट
एक्सक्लूसिव ब्रेकिंग
- मामला: ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) और MSCDA में करोड़ों रुपये के वित्तीय भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का आरोप।
- बड़ा झटका: बॉम्बे हाईकोर्ट ने खारिज की अग्रिम जमानत याचिका; सेशन कोर्ट जाने का निर्देश।
- मौजूदा स्थिति: AIOCD अध्यक्ष अप्पासाहेब शिंदे और मुख्य रिटर्निंग ऑफिसर वी. जगुते भूमिगत, मोबाइल फोन स्विच ऑफ।
मुंबई (ब्यूरो):
देश के फार्मा जगत और दवा व्यापार के गलियारों से इस वक्त की सबसे बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और महाराष्ट्र राज्य केमिस्ट्स एसोसिएशन (MSCDA) के सर्वसर्वा जगन्नाथ सखाराम शिंदे—जिन्हें उद्योग जगत में “अप्पासाहेब शिंदे” और ‘केमिस्ट सम्राट’ के नाम से जाना जाता है—पर कानूनी शिकंजा पूरी तरह कस गया है।
गंभीर आर्थिक भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमिताओं के मामलों में बॉम्बे हाईकोर्ट से करारा झटका मिलने के बाद उनकी मुश्किलें पराकाष्ठा पर पहुंच चुकी हैं।
हाईकोर्ट से झटका, भूमिगत हुए आरोपी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आर्थिक अपराधों के आरोपों से घिरे श्री जगन्नाथ शिंदे और चुनाव के मुख्य रिटर्निंग ऑफिसर श्री वी. जगुते (जो लक्ष्मी मेडी के पार्टनर भी हैं) ने गिरफ्तारी से बचने के लिए बॉम्बे हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी। हालांकि, अदालत ने तल्ख रुख अपनाते हुए याचिका खारिज कर दी और उन्हें निचली अदालत (सेशन कोर्ट) का दरवाजा खटखटाने का निर्देश दिया।
सूत्रों का दावा है कि सेशन कोर्ट से भी तुरंत राहत मिलने की संभावना नगण्य है। इस कानूनी हंटर के चलते दोनों मुख्य आरोपी भूमिगत (Absconded) हो चुके हैं और उनके मोबाइल फोन लगातार स्विच ऑफ आ रहे हैं।
अंदरूनी कलह और चुनावी राजनीति में भूचाल
इस हाई-प्रोफाइल घटनाक्रम ने AIOCD और महाराष्ट्र केमिस्ट एसोसिएशन के आगामी चुनावों के पूरे समीकरण को उलट-पुलट कर रख दिया है। पिछले 25 वर्षों से संगठन पर एकछत्र राज और एकतरफा सत्ता चलाने वाले नेतृत्व के खिलाफ अब जिला स्तर के पदाधिकारी मुखर हो गए हैं।
- EOW जांच और नोटिस: नवी मुंबई की बैठक में उठे विरोध के सुर, डॉ. गजानन देसाई द्वारा भेजे गए कानूनी नोटिस और आर्थिक अपराध शाखा (EOW) की जांच ने साबित कर दिया है कि संगठन के भीतर का असंतोष अब चरम पर है।
- राजनीतिक साख पर संकट: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजीत पवार गुट) में मजबूत राजनीतिक पैठ रखने वाले अप्पासाहेब शिंदे के लिए यह सिर्फ एक कानूनी मामला नहीं, बल्कि उनके पूरे व्यापारिक और राजनीतिक साम्राज्य के अस्तित्व की परीक्षा बन चुका है।
’मैं ही संस्था हूँ’ के अहंकार पर करारा प्रहार
संगठन के बागी और असंतुष्ट पदाधिकारियों ने खुले तौर पर आरोप लगाया है कि शिवनिकेतन, EWT ट्रस्ट और निजी अस्पतालों व मेडिकल स्टोर्स को दिए गए करोड़ों रुपये के लेन-देन में आम सदस्यों व जिला पदाधिकारियों को अंधेरे में रखा गया।
बागी गुट का सीधा रुख:
“आज जिलों के पास अपनी सामान्य बैठकें आयोजित करने तक का फंड नहीं है, जबकि केंद्रीय स्तर पर करोड़ों रुपये का अपार दुरुपयोग किया गया। पद किसी का भी हो, संस्था और उसकी प्रतिष्ठा हमेशा आम सदस्यों की होती है।”
आगे क्या?
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या निचली अदालत से अप्पासाहेब शिंदे को कोई संजीवनी मिल पाएगी या फिर आर्थिक अपराध शाखा (EOW) का शिकंजा उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाएगा? देशभर के फार्मा जगत की सांसें थमी हुई हैं और हर किसी की नजरें इस महासंग्राम के अगले मोड़ पर टिकी हैं।
Fast Blitz 24 |




