मानव सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा बड़ागांव में 4 घंटे चले भव्य समारोह में शिया धर्मगुरुओं व समाजसेवियों ने दिया आपसी भाईचारे का संदेश; एक यूनिट खून से तीन जिंदगियां बचाने का लिया संकल्प।

“खून का कोई धर्म नहीं होता, हम सब हिंदू-मुस्लिम बाद में हैं, पहले इंसान हैं!” — इसी संदेश के साथ जौनपुर के बड़ागांव में जब सामाजिक समरसता और मानव सेवा का कारवां सजा, तो हर तरफ सिर्फ और सिर्फ इंसानियत का परचम लहराता नजर आया।
शाहगंज (जौनपुर)। मानव सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में बड़ागांव में आयोजित “रक्तदाता महा सम्मान” समारोह सौहार्द, समरसता और सामाजिक सरोकार की अनूठी मिसाल बन गया। दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक चले इस भव्य कार्यक्रम में बिना किसी भेदभाव के मानवता की रक्षा करने वाले रक्तदाताओं, चिकित्सकों, शिक्षाविदों और समाजसेवियों को सम्मानित कर उनकी हौसला अफजाई की गई।
कार्यक्रम में शिया धर्मगुरु मौलाना सैयद अज़मी अब्बास साहब (इमामे जुमा व जमात, शिया जामा मस्जिद बड़ागांव) ने अपने संबोधन में इंसानियत का संदेश देते हुए कहा, “हम सब एक हैं, खून का कोई धर्म नहीं होता। हम सब हिंदू-मुस्लिम बाद में हैं, पहले इंसान हैं। हम सबका एक ही धर्म है—इंसानियत।” वहीं मौलाना सादिक खान आज़मी साहब ने रक्तदान को सामाजिक जीवन शैली का हिस्सा बनाने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने पर जोर दिया।
ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संस्थापक आयोजक हुसैन हैदर खान ने रक्तदान के वैज्ञानिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, “एक यूनिट रक्त तीन अनमोल जिंदगियां बचाता है। विज्ञान ने कितनी भी प्रगति कर ली हो, लेकिन खून बनाने की कोई मशीन नहीं बनी है; रक्तदान ही एकमात्र विकल्प है।”
प्रमुख हस्तियां और सामाजिक दिग्गजों की मौजूदगी
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. सोहराब सिद्दीकी, पूर्व बसपा सचिव शाहनवाज आलम, पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं आगामी प्रत्याशी विवेक कुमार यादव ‘विक्की’, उपाध्यक्ष लारेब खन्ना, अल फलाह फाउंडेशन आजमगढ़ के संस्थापक जाकिर हुसैन, अध्यक्ष शेख इस्माइल, यासिर खान पठान, मोहम्मद अरमान आज़मी, मौलाना एजाज मोहसिन साहब और मौलाना आरजू हुसैन आब्दी आज़मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की मेजबानी मौलाना एजाज मोहसिन खान (पेश इमाम), मौलाना आरजू हुसैन आब्दी, शम्स तबरेज खान, हसन मेहदी (प्रबंधक, मॉडर्न जूनियर हाई स्कूल), डॉ. संतोष मौर्य और शाहनवाज आलम ने संयुक्त रूप से की।
विशिष्ट विभूतियां हुईं सम्मानित
समारोह के दौरान समाज सेवा और स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए मदर निशा फाउंडेशन के फाउंडर फैजान अहमद अंसारी, मौलाना शौकत रिजवी, डॉ. तय्यब अंसारी, श्याम बहादुर प्रजापति, धर्मेंद्र कुमार प्रधान (एलआईसी शाहगंज), डॉ. विवेक कुमार गौतम, डॉ. अरविन्द कुमार कन्नौजिया, डॉ. मुफीद अहमद, डॉ. मकसूद (गरीबों कल्याण हॉस्पिटल), अली गदीरी (05 चैनल), डॉ. शहंशाह, सैयद फैयाज रजा, सत्य प्रकाश, डॉ. अभिषेक और मोहम्मद हसन मेहदी आसिफ को सम्मानित किया गया। इनके साथ ही अल फलाह फाउंडेशन आजमगढ़ व गरीब नवाज फाउंडेशन जौनपुर के पदाधिकारियों को भी मंच से सराहा गया।
मुख्य अतिथियों डॉ. सोहराब सिद्दीकी और शाहनवाज आलम ने ट्रस्ट के भावी अभियानों में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम का सफल संचालन अली गदीरी ने किया तथा इसका सीधा प्रसारण ‘गदीरी 05’ यूट्यूब चैनल पर किया गया।
अंत में संस्थापक अध्यक्ष हुसैन हैदर खान ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और मीडिया कर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी रक्तदान जागरूकता व सामाजिक एकता के अभियानों को निरंतर चलाने का संकल्प लिया।
⚡ FAST BLITZ 24 — खबर वही जो सबसे तेज़ और निष्पक्ष पहुंचे आप तक!
जौनपुर और पूर्वांचल की हर बड़ी अपडेट के लिए जुड़े रहें Fast Blitz 24 के साथ।




