विशेष संवाददाता, जौनपुर
सिंगरामऊ थाना क्षेत्र से बीते तीन दिनों से लापता दो युवकों में से एक का शव सोमवार सुबह पीली नदी में तैरता मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान गोरखनाथ (24) के रूप में हुई है, जबकि उसके साथी की तलाश में नदी और आसपास के इलाकों में गहन कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, मल्लूपुर गोनौली निवासी गोरखनाथ पुत्र रामआसरे और बछाड़ी तियरा निवासी मोनू (26) पुत्र रामकुमार बीते शुक्रवार (28 अगस्त) की दोपहर करीब तीन बजे संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। परिजनों की सूचना पर छानबीन में जुटी पुलिस को शुक्रवार शाम पीली नदी के पुल के पास लावारिस हाल में एक मोटरसाइकिल मिली थी, जिसके आधार पर दोनों के नदी क्षेत्र में होने का सुराग मिला।
एसडीएम ने लिया जायजा
सोमवार सुबह ग्रामीणों ने नदी में शव तैरता देख पुलिस को सूचना दी। शिनाख्त के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उपजिलाधिकारी (एसडीएम) बदलापुर ने भी घटनास्थल का मुआयना किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
हत्या या हादसा? जांच में जुटी पुलिस
दोनों युवक नदी तक कैसे पहुंचे और गोरखनाथ की मौत डूबने से हुई या इसके पीछे कोई साजिश है, पुलिस इन तमाम बिंदुओं पर तफ्तीश कर रही है। वहीं, लापता दूसरे युवक मोनू का सुराग लगाने के लिए गोताखोरों की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन जारी है।




