Fast Blitz 24 | सबसे तेज़, सबसे सटीक
सामाजिक सरोकार: उमानाथ सिंह मेडिकल कॉलेज ने पेश की मिसाल, लगातार 7 दिनों से चल रहा स्वास्थ्य जांच का विशेष अभियान
जौनपुर / Fast Blitz 24.
आज के दौर में जहां स्वास्थ्य सेवाएं और सामाजिक जिम्मेदारी एक बड़ा मुद्दा बनी हुई हैं, वहीं जौनपुर स्थित उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय का प्रबंधन सामाजिक सरोकार की एक नई और मिसाल कायम करने वाली इबारत लिख रहा है। मेडिकल कॉलेज ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों का पुरजोर निर्वहन करते हुए गोद लिए गए गांव के प्राथमिक विद्यालय में नौनेहालों की सेहत सुधारने का बीड़ा उठाया है। प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) आर. बी. कमल के दिशा-निर्देशन तथा कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अनुज सिंह के कुशल नेतृत्व में पिछले 7 दिनों से लगातार विशेष स्वास्थ्य जांच अभियान चलाया जा रहा है।
600 से अधिक बच्चों की हुई स्क्रीनिंग, OPD में रेफर किए गए संदिग्ध मरीज
अभियान के तहत कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के चिकित्सकों और कर्मचारियों की टीम ने प्राथमिक विद्यालय के कक्षा 1 से 5 तक के लगभग 600 छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य का गहन परीक्षण किया। इस दौरान बच्चों की आंख, नाक, कान, दांत और कुपोषण से संबंधित बीमारियों की विशेष स्क्रीनिंग की गई। जांच में जिन बच्चों में स्वास्थ्य संबंधी गंभीर लक्षण या बीमारियां पाई गईं, उन्हें अग्रिम जांच व मुफ्त डॉक्टरी सलाह के लिए मेडिकल कॉलेज की ओपीडी (OPD) में आने का परामर्श दिया गया है।
“बच्चों की सेहत ही स्वस्थ समाज की असली नींव है”
चिकित्सा महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) आर. बी. कमल ने Fast Blitz 24 से बातचीत में बताया कि बच्चों का स्वस्थ जीवन ही एक सशक्त और स्वस्थ समाज का आधार बनता है। गोद लिए गए गांवों में इस तरह के निरंतर अभियानों का मुख्य उद्देश्य बच्चों में बीमारियों की प्रारंभिक स्तर पर पहचान कर उनका सटीक इलाज मुहैया कराना और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता का अलख जगाना है।
डॉक्टरों और एमबीबीएस छात्रों की टीम का सराहनीय योगदान
इस बृहद स्वास्थ्य स्क्रीनिंग अभियान को सफल बनाने में मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ चिकित्सकों और भावी डॉक्टरों ने पूरी लगन से योगदान दिया। अभियान में डॉ. मुदित चौहान, डॉ. पूजा पाठक, डॉ. नवीन कुमार, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. आदर्श, डॉ. अंकित कुमार तथा एमएसडब्ल्यू रमाकांत यादव की अहम भूमिका रही। इसके अलावा एमबीबीएस 2023 बैच के मेधावी छात्र देवेश गुप्ता, हेमंत कुमार गौतम, महिमा चौधरी, मयंक पटेल और पुष्पमित्र द्विवेदी ने भी ग्रामीण बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण में बढ़-चढ़कर सहयोग किया।
Fast Blitz 24 स्पेशल रिपोर्ट — देश और प्रदेश की तमाम बड़ी खबरों एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़ी हर अपडेट के लिए जुड़े रहें Fast Blitz 24 के साथ।




