♦ जौनपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन से कचगांव पड़ाव तक मिनी मैराथन का सफल आयोजन
नशा मुक्ति और खेल संस्कृति के प्रसार से समाज को स्वस्थ बनाने की पहल

“नशे की गहरी दलदल में धंसती युवा पीढ़ी को बचाने के लिए अब भाषण नहीं, बल्कि सड़कों पर उतरकर सीधी जंग का आगाज हो चुका है!”
जौनपुर.
जेसीआई जौनपुर द्वारा जेसीआई सप्ताह के तहत नशा उन्मूलन जनजागरूकता के उद्देश्य से रविवार, 13 सितम्बर को मिनी मैराथन का सफल आयोजन किया गया। संस्थाध्यक्ष अंजनी प्रजापति की अध्यक्षता में आयोजित यह मैराथन जौनपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन से शुरू होकर कचगांव पड़ाव पर संपन्न हुई, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष दिनेश टंडन ने जेसीआई के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए ऐसे आयोजन बेहद जरूरी हैं। उन्होंने जोर दिया कि युवाओं को खेल से जोड़कर ही नशे की लत से दूर रखा जा सकता है। विशिष्ट अतिथि प्रभारी निरीक्षक कोतवाली श्रीमती अनीता सिंह ने कहा कि नशा आज समाज के सामने सबसे बड़ी चुनौती है और यह अभियान पुलिस प्रशासन के नशा उन्मूलन प्रयासों को मजबूती देगा।
पूर्व मंडल अध्यक्ष राधेरमण जायसवाल एवं पूर्व अध्यक्ष आशुतोष जायसवाल ने मिनी मैराथन को युवा चेतना जगाने का सशक्त माध्यम बताया। वहीं संस्थाध्यक्ष अंजनी प्रजापति ने कहा कि संस्था का स्पष्ट संदेश है— “नशा छोड़ो, दौड़ लगाओ, स्वस्थ जौनपुर बनाओ”।
अतिथियों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में रत्नेश गुप्ता, शशांक सिंह रानू, धर्मेंद्र सेठ, नीरज श्रीवास्तव, रमेश श्रीवास्तव, सतीश कुमार जायसवाल, ताहिर कादरी सोनू, विशाल तिवारी, सौरभ बरनवाल, संतोष अग्रहरि, सौरभ आर्य, श्रेष सेठ, भरत सेठ समेत संस्था के तमाम सदस्य उपस्थित रहे।
समारोह के समापन पर अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के संयोजक गहना कोठी के अधिष्ठाता एवं पूर्व अध्यक्ष विवेक सेठ ‘मोनू’ रहे। संचालन अजय नाथ व सचिव सतीश जायसवाल ने संयुक्त रूप से किया, जबकि आभार प्रदर्शन सप्ताह चेयरमैन राजकुमार जायसवाल ने किया।




