7 वर्षों का समर्पित सफर: जानिए कैसे सामाजिक संस्थाएं बिजनेस एक्सपो और जनसेवा आयोजनों के जरिए शहर के विकास में निभाती हैं अहम भूमिका
समाजसेवा के 7 सफल वर्षों का सफर और शहर के विकास के लिए एक नया संकल्प! रविवार को लायंस क्लब जौनपुर ‘क्षितिज’ के 7वें स्थापना दिवस पर जब संस्था के सदस्य एक छत के नीचे जुटे, तो न केवल पुरानी यादें ताजा हुईं, बल्कि जौनपुर के सबसे बड़े ‘बिजनेस एक्सपो’ का भी ऐलान हो गया।
जौनपुर. लायंस क्लब जौनपुर ‘क्षितिज’ का 7वां स्थापना दिवस समारोह रविवार को शहर के एक प्रमुख होटल में हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। विगत सात वर्षों से सेवा कार्यों के प्रति समर्पित यह संस्था लगातार नए आयाम स्थापित कर रही है।
कार्यक्रम का शुभारंभ लॉयनेस सीमा चक्रवाल द्वारा प्रस्तुत ध्वज वंदना से हुआ। तत्पश्चात संस्थाध्यक्ष एमजेएफ कौशल त्रिपाठी, संस्थापक अध्यक्ष एमजेएफ शशांक सिंह ‘रानू’, पूर्व अध्यक्ष एमजेएफ डॉ. दिलीप सिंह, जयकृष्ण साहू, एमजेएफ विष्णु सहाय, धर्मेंद्र सेठ, एमजेएफ प्रदीप सिंह तथा निवर्तमान अध्यक्ष एमजेएफ अतुल सिंह सहित अन्य चार्टर सदस्यों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का औपचारिक उद्घाटन किया।

संस्थापक सदस्यों का हुआ सम्मान
समारोह के दौरान संस्था के नींव की ईंट रहे संस्थापक सदस्यों को अंगवस्त्रम, माल्यार्पण एवं उपहार भेंट कर भावभीना सम्मान दिया गया। संस्थापक अध्यक्ष एमजेएफ शशांक सिंह ‘रानू’ ने संस्था की स्थापना की यात्रा के संस्मरण साझा करते हुए संगठन के सेवा संकल्पों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस दौरान कोषाध्यक्ष लायन डॉ. चंदन गुप्ता ने नियमित अंशदान देने वाले सदस्यों को ‘गुड पे अवार्ड’ से नवाजा।
जौनपुर में आयोजित होगा विशाल बिजनेस एक्सपो
समारोह को संबोधित करते हुए सचिव लायन हफीज शाह ने आगामी सेवा योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने घोषणा की कि शीघ्र ही राजमहल में ‘बिजनेस एक्सपो’ का विशाल आयोजन किया जाएगा, जो जौनपुर शहर का अब तक का सबसे बड़ा सार्वजनिक आयोजन होगा।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम का कुशल एवं मंच संचालन एमजेएफ अतुल सिंह ने किया। समारोह में उपाध्यक्ष संजय गुप्ता, दिलीप जायसवाल, सर्वेश जायसवाल, अजीत सोनकर, डॉ. प्रशांत द्विवेदी, ई. हसन अब्बास, राजीव गुप्ता, डॉ. अर्चना सिंह, किरण सेठ, नीतू सिंह, आराधना सिंह, रितु त्रिपाठी, यवनिका सिंह सहित बड़ी संख्या में लायन एवं महिला सदस्य उपस्थित रहे। अंत में कार्यक्रम संयोजक लायन शरद टंडन एवं लॉयनेस साक्षी टंडन ने सभी नवागत अतिथियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया।






