मौलाना आजाद और अल्लामा इकबाल की याद में शाहगंज में शिक्षा व उर्दू दिवस का भव्य आयोजन, अहमद कलाम हिशामी ‘मौलाना नदवी अवार्ड’ से सम्मानित

 

​जौनपुर (Fast Blitz 24)। देश के पहले शिक्षा मंत्री भारत रत्न मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती (राष्ट्रीय शिक्षा दिवस) और उर्दू के महान शायर डॉ. अल्लामा इकबाल की याद में बुधवार की देर शाम नगर के शाहगंज पड़ाव स्थित एक निजी बैंक्वेट हॉल में शिक्षा दिवस एवं उर्दू दिवस का शानदार आयोजन किया गया। सेंट जोसेफ ग्रुप ऑफ स्कूल्स के चेयरमैन डॉ. नोमान खान की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में शिक्षा के महत्व और उर्दू भाषा के संरक्षण पर गहन वैचारिक मंथन हुआ। समारोह के दौरान शायरों ने अपनी बेहतरीन रचनाओं से समां बांध दिया, जिसे श्रोताओं ने खूब सराहा।

​सैलून संचालक अहमद कलाम हिशामी को मिला ‘मौलाना नदवी अवार्ड’

​समारोह का सबसे प्रेरणादायक क्षण वह रहा जब फलाह वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट और अनूठे योगदान के लिए खेतासराय निवासी अहमद कलाम हिशामी को ‘मौलाना अबुल इरफान खान नदवी अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।

​खास बात यह है कि अहमद कलाम पेशे से सैलून संचालक हैं, लेकिन वह पिछले करीब दो दशकों से अपनी दुकान पर ही दर्जनों बच्चों को पूरी तन्मयता के साथ निःशुल्क कुरआन और उर्दू की तालीम दे रहे हैं। उनसे शिक्षा हासिल करने वाले बच्चों की एक लंबी फेहरिस्त है। इस नेक काम के लिए वह बच्चों या उनके अभिभावकों से किसी प्रकार की फीस नहीं लेते, बल्कि इसे अपनी सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी मानते हैं। समाज के लिए यह एक अनूठी मिसाल है।

​समाज को आत्ममंथन की जरूरत: डॉ. ए.ए. जाफरी

​कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जौनपुर मेडिकल कॉलेज के मुख्य चिकित्साधीक्षक (CMS) डॉ. ए.ए. जाफरी ने अपने संबोधन में कहा कि मौजूदा दौर में मायूस होने की कतई जरूरत नहीं है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज को आत्ममंथन करने की आवश्यकता है। उन्होंने इस बात पर गंभीरता से विचार करने पर जोर दिया कि किस तरह समाज को मौजूदा शैक्षिक और सामाजिक पिछड़ेपन से बाहर निकाला जा सके।

​संरक्षक मौलाना अनवार अहमद कासमी ने शिक्षा के प्रकाश और उर्दू भाषा की ऐतिहासिक अहमियत पर रोशनी डाली। उन्होंने नई पीढ़ी को तालीम के साथ-साथ अपनी मादरी जुबान (मातृभाषा) से जुड़े रहने का कड़ा संदेश दिया।

​संस्कृति और तहजीब की पहचान है उर्दू: डॉ. सरफराज खान

​विशिष्ट अतिथि एवं जफराबाद चेयरमैन प्रतिनिधि डॉ. सरफराज खान ने कहा कि उर्दू जुबान हमारी साझा संस्कृति और तहजीब की रूह है। अगर यह भाषा कमजोर हुई या खत्म हुई, तो हमारी तहजीब भी प्रत्यक्ष रूप से प्रभावित होगी। इसलिए उर्दू के संरक्षण और इसके प्रचार-प्रसार के लिए हम सभी को सामूहिक और गंभीर प्रयास करने होंगे।

​अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. नोमान खान ने शिक्षा के महत्व और उर्दू भाषा की समृद्ध साहित्यिक व सांस्कृतिक विरासत पर विस्तार से अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही किसी भी समाज और राष्ट्र की तरक्की का एकमात्र ठोस आधार है।

​इन हस्तियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

​कार्यक्रम की शुरुआत हाफिज एहसान खैराबादी की तिलावत-ए-कुरआन-ए-पाक से हुई, जबकि अजीम जौनपुरी ने बारगाह-ए-रिसालत में हद्यस्पर्शी नात पेश की। कार्यक्रम का कुशल और प्रभावी संचालन संयोजक व पत्रकार अजवद कासमी ने किया।

​इस अवसर पर मौलाना अब्दुल वहीद कासमी, इरफान जौनपुरी, आरिफ खान, शाहनवाज मंजूर, अरशद कुरैशी, डॉ. शकील अहमद, सलीम खान, कमाल आजमी, शकील मंसूरी, अलमास अहमद सिद्दीकी, नियाज ताहिर शेखू, शाहनवाज अहमद, मेराज खान और इरफान इकबाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक व शिक्षाप्रेमी उपस्थित रहे।

​ब्यूरो रिपोर्ट, Fast Blitz 24 | जौनपुर

Fast Blitz 24
Author: Fast Blitz 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *