Fastblitz 24

जिलाधिकारी ने किया एसबीआई शाखा का औचक निरीक्षण, लंबित आवेदनों पर जताई चिंता

जौनपुर: जिलाधिकारी दिनेश चंद्र ने मंगलवार को एसबीआई शाखा बदलापुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत लंबित आवेदनों की स्थिति का जायजा लिया और शाखा प्रबंधक को शीघ्र ऋण वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान, जिलाधिकारी ने शाखा प्रबंधक से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के लंबित आवेदनों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने आवेदकों से सीधे फोन पर बात कर उनकी प्रतिक्रिया भी ली और अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि जिन भी आवेदनों में ऋण वितरण होना है, उन्हें शीघ्रता से पूरा किया जाए।

जिलाधिकारी ने उपस्थित खाताधारकों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के लाभों के बारे में भी जागरूक किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में मात्र 20 रुपये प्रति वर्ष का प्रीमियम देय होता है, जबकि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा में 436 रुपये प्रति वर्ष का प्रीमियम लगता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इन दोनों बीमा योजनाओं में बीमित व्यक्ति के परिवार को दो लाख रुपये तक का जीवन बीमा कवर मिलता है, इसलिए सभी को इसका लाभ उठाना चाहिए।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी योगिता सिंह सहित बैंक अधिकारी और स्टाफ भी उपस्थित रहे।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज