Fastblitz 24

जौनपुर के युवक की पंजाब में चाकू मारकर हत्या: घर पहुँचा शव, मचा कोहराम

लुधियाना में पैसे के लेन-देन को लेकर हुआ विवाद, चार दिन जिंदगी से जूझने के बाद हुई मौत

जौनपुर: जौनपुर के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गाँव के निवासी एक युवक को पंजाब में एक विवाद के दौरान रविवार को कुछ लोगों ने चाकू मार दिया था। घायल युवक चार दिनों तक जीवन और मौत से संघर्ष करता रहा, लेकिन गुरुवार को उसकी मौत हो गई। शनिवार को जब युवक का शव घर पहुँचा, तो परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गाँव में शोक की लहर दौड़ पड़ी।

जानकारी के अनुसार, गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कबीरुद्दीनपुर गाँव निवासी 23 वर्षीय रिशु यादव, पुत्र रमेश यादव, पंजाब के लुधियाना में अपने परिवार की आजीविका चलाने के लिए ठेला लगाकर जलेबी और नाश्ता बेचने का काम करता था। बताया जाता है कि रविवार को वहाँ कुछ लोगों से उसका पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। जिसके बाद उन लोगों ने रिशु यादव पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया था।

सूचना मिलते ही पंजाब पुलिस ने रिशु यादव को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था, जहाँ गुरुवार को उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिवार के सदस्य पंजाब पहुँचे और पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को उसका शव लेकर गाँव लौटे। बेटे की लाश देखते ही माता जलेबा देवी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। इस घटना से पूरे गाँव में गहरा सदमा है।

 

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज