पटना: बिहार की राजधानी पटना एक बार फिर अपराध की दुनिया के खूनी खेल की गवाह बनी। गुरुवार को पटना के पारस अस्पताल में गैंगस्टर चंदन मिश्रा की दिनदहाड़े फिल्मी स्टाइल में हत्या कर दी गई। यह घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई, जिसमें पांच नकाबपोश हमलावरों को बेहद ही सुनियोजित तरीके से इस वारदात को अंजाम देते देखा जा सकता है। इस हत्याकांड ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि 35 से 40 साल की उम्र के पांच हमलावर, जिनमें से चार ने कैप पहन रखी थी, चंदन मिश्रा के वार्ड में दाखिल होने से पहले अपनी कमर से पिस्तौल निकालते हैं और उनकी नोंक चढ़ाते हैं। इसके बाद वे आराम से दरवाजा खोलकर वार्ड में घुसते हैं। महज 30 सेकंड के भीतर, वे गैंगस्टर चंदन मिश्रा को ताबड़तोड़ गोलियां मारकर एक-एक कर बाहर निकल जाते हैं। सभी हमलावर अपनी पिस्तौलें वापस कमर में खोंसकर फरार हो जाते हैं। जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने इस हत्याकांड का वीडियो भी शूट किया है।


चंदन मिश्रा बक्सर का एक कुख्यात गैंगस्टर था, जिस पर 10 से अधिक हत्याओं के आरोप थे। लूट, अपहरण, फिरौती और रंगदारी उसका मुख्य आपराधिक पैटर्न था। वह कई शहरों में ऐलान करके हत्याएं कर चुका था। बक्सर के एक प्रसिद्ध चूना व्यवसायी की हत्या उसने दिनदहाड़े ऐलान करके की थी, जब व्यवसायी ने रंगदारी देने से मना कर दिया था। इस हत्या में उसका दोस्त शेरू भी शामिल था। हालांकि, बाद में पैसों और अन्य विवादों को लेकर दोनों में दुश्मनी हो गई और शेरू ने अपना अलग गिरोह बना लिया। पुलिस का मानना है कि इस हत्याकांड को शेरू गैंग ने ही अंजाम दिया है और इसमें शामिल दो बदमाश भी शेरू गैंग के सदस्य बताए जा रहे हैं।
Author: fastblitz24



