ग्वालियर – वैष्णो देवी की यात्रा से लौट रहे ग्वालियर के एक कारोबारी को उस समय बड़ा झटका लगा, जब उनके साथ लाखों की ऑनलाइन धोखाधड़ी हो गई। ट्रेन में उनका मोबाइल चोरी होने के बाद, साइबर अपराधियों ने उनके बैंक अकाउंट और क्रेडिट कार्ड से ₹4.50 लाख उड़ा लिए। पीड़ित ने अब ग्वालियर पुलिस और जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

उप नगर मुरार के निवासी भूपेंद्र सिंह ठाकुर, जो कि एक कलेक्शन कंपनी चलाते हैं, वैष्णो देवी की यात्रा से लौट रहे थे। रविवार रात को वे श्रीशक्ति एक्सप्रेस से जम्मू से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। सोमवार की सुबह जब ट्रेन दिल्ली पहुंचने वाली थी, तभी चार्जिंग पर लगा उनका मोबाइल चोरी हो गया।
पूरा पढ़िये 👇


ठाकुर ने शुरू में सोचा कि वह दिल्ली में शिकायत दर्ज कराएंगे, लेकिन उन्हें ग्वालियर के लिए अगली ट्रेन पकड़नी थी। इसलिए उन्होंने ग्वालियर पहुंचकर ही शिकायत करने का मन बनाया। हालांकि, जब वे अमृतसर एक्सप्रेस से मथुरा पहुंचे, तो उन्हें दूसरे मोबाइल पर लगातार वॉट्सएप मैसेज आने लगे। चोरों ने उनके आईसीआईसीआई बैंक खाते से ₹1.81 लाख और उसी बैंक के क्रेडिट कार्ड से ₹2.69 लाख की ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर लिए थे। यह सब सात अलग-अलग ट्रांजेक्शन में हुआ।
ग्वालियर पहुंचने के बाद भूपेंद्र सिंह ने सबसे पहले जीआरपी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उन्होंने मंगलवार को एसएसपी की जनसुनवाई में भी अपनी गुहार लगाई और मामले को साइबर क्राइम को सौंपने की मांग की। एसएसपी ने उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है और जल्द ही आरोपियों का पता लगा लिया जाएगा।
सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार ने बताया, “आज एक युवक ने शिकायत की है कि वैष्णो देवी से लौटते समय दिल्ली के पास उसका मोबाइल गिर गया। जिसके बाद किसी ने मोबाइल में ओटीपी जेनरेट कर उसके अकाउंट से ₹4.5 लाख निकाल लिए हैं। मामले की जांच की जा रही है।”
Author: fastblitz24



