Fastblitz 24

जौनपुर में छात्रों के दो गुटों में खूनी संघर्ष, जमकर चले ईंट-पत्थर और हुई फायरिंग

जौनपुर: जनपद के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में सोमवार को छात्रों के दो गुटों के बीच जमकर खूनी संघर्ष हुआ। सिद्दीकपुर के पास हुए इस बवाल में दोनों तरफ से ईंट-पत्थर चले और एक गुट ने हवाई फायरिंग भी की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दो वाहनों के साथ दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुट गई है।

कैसे शुरू हुआ विवाद?

पुलिस के मुताबिक, सिद्दीकपुर गांव में जौनपुर-शाहगंज मार्ग पर छात्रों के दो गुटों में किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमलावर हो गए। करीब आधा दर्जन वाहनों में सवार ये छात्र एक गली में घुस गए और वहां से ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। इस दौरान एक गुट कमजोर पड़ने लगा, जिसके बाद उन्होंने कथित तौर पर अवैध हथियारों से लगभग आधा दर्जन राउंड हवाई फायरिंग की। फायरिंग की आवाज सुनकर पथराव कर रहा दूसरा गुट मौके से भाग खड़ा हुआ।

पूरा पढ़िये 👇

इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आई। थानाध्यक्ष विनय प्रकाश सिंह और सीओ सदर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही आरोपी अपनी दो बाइक (एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल) छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने इन वाहनों को जब्त कर लिया और दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मौके से खाली कारतूस भी बरामद होने की बात कही जा रही है।

इस मामले पर अपराध निरीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि फायरिंग की बात की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन छात्रों के बीच मारपीट की सूचना मिली थी। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की, लेकिन आरोपी भाग गए थे। उन्होंने कहा कि पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

 

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज