Fastblitz 24

तेज आवाज वाले डीजे-लाउडस्पीकर से परेशान होकर युवक ने एसपी को दिया शिकायती पत्र

जौनपुर: जिले के मियापुर (लाइन बाजार) में रहने वाले एक युवक ने तेज आवाज वाले डीजे और लाउडस्पीकर के कारण हो रहे ध्वनि प्रदूषण को लेकर पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई है। वेब डेवलपर और ऑनलाइन वर्कर बिरजू कुमार गुप्ता ने एक शिकायती पत्र सौंपकर बताया है कि उनके इलाके में लगातार बजने वाले तेज संगीत से न सिर्फ उनका काम प्रभावित हो रहा है, बल्कि परिवार के बुजुर्गों और बच्चों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ रहा है।

विरजू कुमार गुप्ता ने पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए पत्र में लिखा है कि उनके मोहल्ले में अक्सर शादी-विवाह, धार्मिक आयोजनों और अन्य कार्यक्रमों में बिना किसी अनुमति के देर रात तक डीजे और लाउडस्पीकर बजाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल विश्वविद्यालय के लिए कॉन्ट्रैक्ट बेस पर काम करने के कारण उन्हें ऑनलाइन काम करना पड़ता है, लेकिन तेज शोर की वजह से उनका ध्यान भंग होता है।

पूरा पढ़िये 👇

शिकायतकर्ता ने बताया कि तेज आवाज से सिर्फ उनका काम ही नहीं, बल्कि घर के बुजुर्ग और बच्चे भी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं की पढ़ाई बाधित हो रही है और बीमार लोगों को भी दिक्कतें हो रही हैं।

बिरजू कुमार गुप्ता ने अपनी शिकायत में भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 268 और 290 का हवाला देते हुए कहा है कि यह ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए उपयुक्त हैं। इसके अलावा, उन्होंने ध्वनि प्रदूषण (नियंत्रण एवं विनियमन) नियम 2000 और सुप्रीम कोर्ट के फैसले का भी जिक्र किया, जिसमें रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लाउडस्पीकर और डीजे के इस्तेमाल पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया गया है।

उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपील की है कि वे ऐसे कार्यक्रमों पर सख्त नियंत्रण करें और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। अब देखना यह होगा कि पुलिस इस मामले पर क्या कदम उठाती है।

 

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज