जौनपुर: नगर के शाहगंज स्थित एक निजी अस्पताल में अपने पति का इलाज करा रही एक 75 वर्षीय महिला की निर्माणाधीन लिफ्ट के डक्ट में गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना रविवार रात को हुई, लेकिन महिला का शव सोमवार रात को मिला, जब किसी ने उसे लिफ्ट के डक्ट में गिरा हुआ देखा।

यह दुखद घटना शाहगंज के पुरानी बाजार मोहल्ले में स्थित आर.के. हड्डी अस्पताल में घटी। मृतक महिला की पहचान बिटन देवी (75) के रूप में हुई, जो नगर के पुराना चौक मोहल्ला की निवासी थीं। उनके पति कामता प्रसाद का इलाज इसी अस्पताल में चल रहा था और बिटन देवी उनकी देखभाल के लिए अस्पताल आई हुई थीं।
पूरा पढ़िये 👇


पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार रात को हुई, लेकिन किसी को भी बिटन देवी के गिरने की जानकारी नहीं हुई। परिवार के लोग उन्हें पूरी रात और अगले दिन भी खोजते रहे। सोमवार रात करीब 8 बजे, किसी व्यक्ति ने अस्पताल की अर्धनिर्मित लिफ्ट के डक्ट में एक महिला को गिरा हुआ देखा, जिसकी सूचना उसने तुरंत अस्पताल के डॉक्टर को दी।
सूचना मिलते ही, डॉ. जे.पी. दुबे ने तुरंत कोतवाली पुलिस को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला और उसकी शिनाख्त बिटन देवी के रूप में की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Author: fastblitz24



