जौनपुर – स्थानीय क्षेत्र के दौलतपुर गांव की दलित बस्ती में पिछले एक महीने से बिजली गुल है। यहां लगा ट्रांसफार्मर 1 अगस्त को जल गया था, जिसकी शिकायत ग्रामीणों ने बिजली विभाग से लिखित और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से की, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

क्या है पूरा मामला?


दौलतपुर गांव के निवासी रोहित गुप्ता ने बताया कि करीब एक महीने पहले, यानी 1 अगस्त को अचानक ट्रांसफार्मर जल गया था। उन्होंने तुरंत विभाग को इसकी जानकारी दी और एक नया ट्रांसफार्मर लगाने का अनुरोध किया। ग्रामीणों ने ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन विभाग की ओर से कोई भी कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।
पूरा पढ़िए 👇
रोहित गुप्ता ने आरोप लगाया कि वे लगातार जूनियर इंजीनियर (जेई) को फोन कर रहे हैं, लेकिन वह न तो फोन उठा रहे हैं और न ही उनकी समस्या पर ध्यान दे रहे हैं।बिजली न होने से दलित बस्ती के लोगों का जीवन मुश्किल हो गया है। भीषण गर्मी और उमस में लोग रातभर जागने को मजबूर हैं। इसके अलावा, छात्रों को पढ़ाई में भी भारी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगवाने और इस समस्या का समाधान करने की मांग की है।इस मामले पर अधिकारियों की चुप्पी ने लोगों में गहरा रोष पैदा कर दिया है। ग्रामीण सवाल उठा रहे हैं कि आखिर सरकार की “सबके लिए बिजली” की योजना का लाभ उन्हें क्यों नहीं मिल पा रहा है।
Author: fastblitz24



