फास्ट ब्लिट्ज 24
स्थान: जौनपुर (उत्तर प्रदेश)
श्रेणी: राजनीति / सामाजिक न्याय
‘समानता और स्वाभिमान का संदेश ही कांशीराम साहब को सच्ची श्रद्धांजलि’ : पूर्व PCS दीपचंद राम
फास्ट ब्लिट्ज 24 डेस्क,
जौनपुर।
बहुजन नायक मान्यवर कांशीराम साहब का परिनिर्वाण दिवस केवल एक श्रद्धांजलि सभा नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और राजनीतिक बदलाव के नए संकल्प का गवाह बना। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर जौनपुर के जिला कार्यालय (सदर चुंगी, अल्फस्टीनगंज) में आयोजित इस कार्यक्रम में जहां कांशीराम साहब के विचारों को याद किया गया, वहीं 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीतिक हुंकार भी भरी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष श्यामबहादुर पाल ने की। मान्यवर कांशीराम साहब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद आयोजित विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने उनके जीवन संघर्ष और बहुजन चेतना में उनके योगदान को रेखांकित किया।
’साझा संघर्ष से ही मिटेगी असमानता’: दीपचंद राम
गोष्ठी के मुख्य वक्ता, प्रदेश के विशेष आमंत्रित सदस्य एवं पूर्व पीसीएस अधिकारी दीपचंद राम ने मान्यवर कांशीराम साहब के साथ बिताए गए पलों की स्मृतियां साझा करते हुए कहा—
“कांशीराम साहब का स्पष्ट मानना था कि जब तक समाज का वंचित और शोषित वर्ग संगठित होकर सत्ता में अपनी सीधी भागीदारी तय नहीं करेगा, तब तक वास्तविक सामाजिक परिवर्तन संभव नहीं है। उनका जीवन आत्मसम्मान और अधिकारों की लड़ाई की वह मशाल है, जो आज भी संविधान के मूल्यों को मजबूत करने की प्रेरणा देती है।”
संगठन में नया उत्साह: 3 हस्तियों ने ली सपा की सदस्यता
कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी के कुनबे में उस वक्त बड़ा इजाफा हुआ, जब जिला महासचिव आरिफ हबीब के प्रयासों से तीन प्रमुख हस्तियों— वीरेंद्र चौहान, सेवानिवृत्त सैनिक सुशील प्रजापति और प्रसिद्ध गायिका श्रीमती वंदना जी ने औपचारिक रूप से सपा की सदस्यता ग्रहण की। सभी नवआगंतुक सदस्यों को अंगवस्त्रम भेंटकर सम्मानित किया गया। इसे पूर्वांचल में संगठन विस्तार और ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) राजनीति को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

2027 के ‘मिशन बदलाव’ का दोहराया संकल्प
विचार गोष्ठी को जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र यादव ‘टाइगर’, जिला सचिव श्रवण जायसवाल, हवलदार चौधरी, दीपक विश्वकर्मा, हरिश्चंद प्रभाकर, विजय बहादुर गौतम, जगन्नाथ यादव, अमित जैसवार और श्रीमती ऊषा जायसवाल सहित अनेक नेताओं ने संबोधित किया। सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि कांशीराम साहब के विचारों को आत्मसात करते हुए वर्ष 2027 में प्रदेश में सामाजिक परिवर्तन के साथ-साथ सत्ता परिवर्तन का संकल्प पूरा किया जाएगा।
इस दौरान साहबलाल गौतम ने अपने गीत के माध्यम से कांशीराम साहब को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम का कुशल संचालन जिला महासचिव आरिफ हबीब ने किया। इस अवसर पर आनंद गुप्ता, अजय रंजन, आतिश सोनकर, पूनम यादव, अजय मौर्य, अमजद अंसारी, रामाशंकर चौहान, सतीश विश्वकर्मा सहित सैकड़ों पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




