रियाद. सऊदी अरब ने खेती और पशुपालन से जुड़े मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए श्रम कानून में बड़ा बदलाव किया है। इससे सऊदी में रहने वाले हजारों भारतीय कामगारों को फायदा होगा। सऊदी अरब के नये सख्त श्रम कानून से अब प्रवासी मजदूरों को सही वेतन, आराम और काम करने की अच्छी स्थिति मिल सकेगी। सऊदी अरब के मानव संसाधन और सामाजिक विकास मंत्री इंजीनियर अहमद अल-राजही ने नये कानून को मंजूरी दे दी है। नए नियम के तहत खेती और पशुपालन से जुड़े श्रमिकों को घर, 30 दिनों की वेतन के साथ छुट्टी दी जाएगी। नये कानून का मदसद उनके रोजगार में पारदर्शिता और निष्पक्षता लाना है।

नया नियम, मजदूरों को हर साल कम से कम 30 दिनों की वेतन के साथ सालाना छुट्टी की गारंटी देता है। इसके अलावा अगर कॉन्ट्रैक्ट, छुट्टी लेने से पहले खत्म हो जाता है तो भी उन्हें पूरे पैसे दिए जाएंगे। पेड छुट्टियों में रमजान के 29वें दिन से शुरू होने वाले ईद-उल-फितर के लिए चार दिन, साथ ही राष्ट्रीय दिवस और स्थापना दिवस शामिल हैं। रोजाना काम का समय आठ घंटे तक निर्धारित किया गया है और अगर लगातार पांच घंटे से ज्यादा काम करवाया जाता है, तो मजदूरों को आराम और खाने के लिए कम से कम आधे घंटे का ब्रेक देना जरूरी होगा। इसके अलावा हर हफ्ते कम से कम 24 घंटे के आराम के लिए छुट्टी देना जरूरी कर दिया गया है और अगर काम, सामान्य आराम के दिन पड़ता है तो उसकी जगह दूसरे दिन छुट्टी दिया जाएगा।


Author: fastblitz24



