ढाका. क्या बांग्लादेश में तारिक रहमान को अगला प्रधानमंत्री बनाने की तैयारी चल रही है। पिछले कुछ दिनों से अहम संकेत मिलने लगे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के सीनियर नेता तारिक रहमान करीब दो दशक बाद देश लौट रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक वो 25 दिसंबर को बांग्लादेश लौट रहे हैं। जिसके बाद सवाल उठ रहे हैं कि क्या फरवरी में होने वाले चुनाव से पहले बीएनपी, तारिक रहमान को अपना प्रधानमंत्री उम्मीदवार घोषित करने वाली है? हालांकि अभी भी पार्टी के दूसरे सीनियर नेता सतर्क रूख अपनाए हुए हैं, लेकिन बांग्लादेश में इस बाबत तेजी से चर्चा होने लगी है।

अंदरूनी सूत्रों के हवाले से कहा है कि पार्टी के भीतर “कुछ संभावनाओं” पर गंभीरता से विचार चल रहा है, हालांकि अंतिम फैसला पार्टी की अध्यक्ष बेगम खालिदा जिया को लेना है, जो इस वक्त भी अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी सेहत को लेकर चिंता बरकरार है, लेकिन पार्टी के नेताओं का दावा है कि वह अब भी राजनीतिक घटनाक्रम पर करीबी नजर रखे हुए हैं। सूत्रों के हवाले से न्यूज 18 ने दावा किया है कि अस्पताल में भर्ती होने से पहले भी वह रणनीतिक फैसलों में पूरी तरह सक्रिय थीं और पार्टी की दिशा तय करने में उनकी भूमिका निर्णायक बनी हुई है।


तारिक रहमान ऐसे वक्त में ढाका लौट रहे हैं जब देश हिंसा और राजनीतिक अस्थिरता से जूझ रहा है। शेख हसीना की अवामी लीग पार्टी पर प्रतिबंध लगा दिया गया और उनकी पार्टी को तहस नहस कर दिया गया है। जबकि जमात-ए-इस्लामी का तेजी से उभार हो रहा है। लिहाजा, बीएनपी के लिए इस बार का चुनाव काफी महत्वपूर्ण हो गया है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि BNP के लिए यह महज एक और चुनाव नहीं, बल्कि करीब 15 वर्षों बाद सत्ता में वापसी का संभावित रास्ता है। पार्टी के कई नेताओं का मानना है कि ऐसे समय में अगर तारिक रहमान को उम्मीदवार बनाया जाता है, तो लोग भावनात्मक तौर पर उनसे जुड़ सकते हैं।
Author: fastblitz24


