Fastblitz 24

​सोशल मीडिया छोड़ो, जमीन पर उतरो: ‘बच्चा भैया’ की हुंकार

कायस्थ समाज अब राजनीति में मांगेगा बड़ी हिस्सेदारी

​दिल्ली में जुटी कायस्थ महासभा 7235; भाजपा नेता नितिन नवीन के भव्य स्वागत और देशव्यापी महिला सम्मेलन की बनी रणनीति

नई दिल्ली।

“कायस्थ समाज को केवल सोशल मीडिया तक सीमित रहने की आदत छोड़नी होगी। अगर समाज को वास्तव में सशक्त और मजबूत बनाना है, तो जमीन पर उतरकर सामाजिक कार्यों और राजनीति में अपनी सक्रिय व प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी।” यह बेबाक आह्वान अखिल भारतीय कायस्थ महासभा 7235 के राष्ट्रीय महासचिव और वरिष्ठ भाजपा नेता राजेश श्रीवास्तव ‘बच्चा भैया’ ने किया है.

​मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट परिसर के पास स्थित कैफेटेरिया मीटिंग हॉल में दिल्ली प्रदेश/एनसीआर-गाजियाबाद की एक बेहद महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक संपन्न हुई. बैठक में संगठन के विस्तार, सामाजिक एकता और राजनीतिक वजूद को लेकर आर-पार की रणनीति तैयार की गई. इस हाई-प्रोफाइल बैठक की अध्यक्षता दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष व सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता विशाल सिन्हा ने की, जबकि संचालन प्रदेश महासचिव एडवोकेट सपना सिन्हा ने किया.

​नितिन नवीन के स्वागत में दिल्ली में मनेगा जश्न

​बैठक में भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा नितिन नवीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर समाज ने अपनी खुशी का इजहार किया. प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिन्हा ने एलान किया कि दिल्ली प्रदेश कायस्थ महासभा 7235 जल्द ही नितिन नवीन के सम्मान में एक ऐतिहासिक और भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन करने जा रही है. उन्होंने साफ कहा कि राष्ट्र निर्माण में कायस्थ समाज हमेशा आगे रहा है और अब अपनी उचित राजनैतिक हिस्सेदारी लेकर रहेगा.

​दिल्ली में जुटेगा देशभर की महिलाओं का महाकुंभ

​सामाजिक सरोकारों और युवा पीढ़ी को जोड़ने के लिए भी बैठक में बड़े फैसले लिए गए:

  • राष्ट्रीय महिला सम्मेलन: महिला शाखा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मीनाक्षी श्रीवास्तव ने घोषणा की कि महिला सशक्तिकरण को नई धार देने के लिए दिल्ली में जल्द ही एक विशाल राष्ट्रीय महिला सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें देशभर से महिला प्रतिनिधि जुटेंगी.
  • वर-वधु परिचय सम्मेलन: आधुनिक दौर में वैवाहिक समन्वय को आसान बनाने के लिए दिल्ली में एक बड़े स्तर पर वर-वधु परिचय सम्मेलन कराने का भी निर्णय लिया गया है.

​आपसी टांगखिंचाई बंद करें, एक-दूसरे को आगे बढ़ाएं

​बैठक को संबोधित करते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता आर.के. सिन्हा और समाजसेवी अमिताभ श्रीवास्तव ने समाज के भीतर की कमियों पर कड़ा प्रहार किया. उन्होंने दो टूक कहा कि जब तक समाज का हर व्यक्ति दूसरे को आगे बढ़ाने में मदद नहीं करेगा, तब तक एक संगठित और ताकतवर समाज की कल्पना अधूरी है.

​इस महत्वपूर्ण बैठक में उत्तर प्रदेश के प्रदेश महामंत्री विजय क्रांति श्रीवास्तव, महिला प्रदेश अध्यक्ष जया श्रीवास्तव, गाजियाबाद महिला अध्यक्ष पूनम रंजन श्रीवास्तव सहित राजीव श्रीवास्तव, सतीश कुमार श्रीवास्तव, अमर कुमार रायजादा, बृजेश श्रीवास्तव, डॉ. अनीश श्रीवास्तव, नितिन सिन्हा और हर्षित श्रीवास्तव जैसे कई दिग्गज और गणमान्य सदस्य मौजूद रहे. अंत में दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिन्हा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का संकल्प दोहराया.

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज