इस्लामाबाद.. पाकिस्तान गुरुवार (25 दिसंबर) को अपने संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना की 149वीं जयंती मना रहा है। पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ और तमाम दूसरे बड़े नेताओं ने जिन्ना को याद करते हुए उनको श्रद्धांजलि दी है। जिन्ना वह नेता हैं, जिन्होंने ब्रिटिश सरकार से धर्म के आधार पर भारत के बंटवारे की मांग की और इसमें कामयाब भी हुए। 25 दिसंबर 1876 में ब्रिटिश भारत में पैदा हुए जिन्ना ने मजहब की बुनियाद पर भारत को बांटा लेकिन दिलचस्प बात यह है कि उनका परिवार इस्लाम धर्म में बेहद नया था। जिन्ना के पिता हिंदू धर्म छोड़कर इस्लाम में आए थे।

पाकिस्तान क्रिश्चियन पोस्ट में किए गए दावे के मुताबिक, पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना के पिता उस समय तक हिंदू थे, जब जिन्ना का जन्म हुआ था। यानी जन्म के समय जिन्ना हिंदू ही थे। उनके पिता ने बाद में उनको इस्लाम धर्म में दाखिल कराया। इसकी वजह ये थी कि पिता और जिन्ना के दादा को मछली के व्यवसाय में होने के कारण सामाजिक बहिष्कार का सामना करना पड़ा था।


Author: fastblitz24


