ढाका. विदेश मंत्री एस जयशंकर बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री खालिदा जिया के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए ढाका पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने खालिदा जिया के बेटे और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के कार्यकारी अध्यक्ष तारिक रहमान से मुलाकात कर अपनी शोक संवेदना प्रकट की। जयशंकर ने तारिक को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक निजी पत्र भी सौंपा। हालांकि, इस दौरान जयशंकर ने वहां मौजूद पाकिस्तान के एक वरिष्ठ राजनेता से हाथ भी मिलाया, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा में है। इसे ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत-पाकिस्तान के वरिष्ठ नेताओं की पहली मुलाकात भी माना जा रहा है।
जयशंकर ने बांग्लादेश दौरे पर जिस पाकिस्तानी राजनेता से हाथ मिलाया, उनका नाम सरदार अयाज सादिक है। वह पाकिस्तानी नेशनल असेंबली के स्पीकर हैं। यह एक अनौपचारिक मुलाकात थी, जो वहां मौजूद नेताओं के बीच हुई। इस दौरान दोनों नेताओं में आपसी संबंधों को लेकर किसी भी तरह की चर्चा नहीं हुई। यही कारण है कि इस मुलाकात की तस्वीर न तो भारतीय विदेश मंत्रालय ने पोस्ट की और ना ही विदेश मंत्री एस जयशंकर ने।