Fastblitz 24

एक भी हमला होता है तो मध्य पूर्व से अमेरिका के नामों निशान को मिटा देंगे, ईरान

 

तेहरान. ईरान ने अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव के बीच कड़ा जवाब देने की धमकी दी है। ईरानी आर्म्ड फोर्सेज के जनरल स्टाफ ने मंगलवार को कहा कि उनका देश धमकी, साजिश या बहुत ज्यादा मांग का सख्ती से जवाब देगा। उन्होंने कहा कि अगर ईरान पर एक भी हमला होता है तो वह मध्य पूर्व से अमेरिका के नामों निशान को मिटा देंगे। एक बयान में कहा गया, ईरानी आर्म्ड फोर्सेज पूरी मजबूती और ताकत के साथ खड़े रहेंगे और किसी भी खतरे का ज्यादा कड़ा और बड़ा जवाब देंगे। बयान में ईरान के लोगों से 1979 की इस्लामिक क्रांति की सालगिरह पर आयोजित होने वाली रैलियों में हिस्सा लेने की भी अपील की गई।

ईरान ने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के अमेरिका दौरे पर भी टिप्पणी की है। ऐसा माना जा रहा है कि नेतन्याहू ईरान से कोई भी डील करने से पहले सैन्य उपायों पर विचार करने की अपील के लिए अमेरिका पहुंचे थे। इस पर ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाकेई ने डिप्लोमेसी पर नुकसान पहुंचाने वाले असर के खिलाफ चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अमेरिका को बाहरी दबावों से आजाद होकर काम करना चाहिए।

बाकेई ने कहा, “हमारी बातचीत करने वाली पार्टी अमेरिका है। यह अमेरिका पर है कि वह इस इलाके के लिए नुकसानदायक दबावों और नुकसान पहुंचाने वाले असर से अलग होकर काम करने का फैसला करे।” इस बीच अमेरिका और ईरान ने ओमान में फिर से बातचीत शुरू की है। पिछले जून में ईरान के खिलाफ इजरायल की बमबारी के कारण अमेरिका से बातचीत टूट गई थी। इसके बाद अमेरिका ने भी ईरान के परमाणु प्रतिष्ठानों पर हमले किए थे। इसके जवाब में ईरान ने इजरायल और मध्य पूर्व में अमेरिका के सबसे बड़े सैन्य अड्डे को निशाना बनाकर हमला किया था।

अमेरिका-ईरान में तनाव के कारण पूरा मिडिल ईस्ट बारूद की ढेर पर बैठा हुआ है। अमेरिका ने यूएसएस अब्राहम लिंकन एयरक्राफ्ट कैरियर के नेतृत्व में कैरियर बैटल ग्रुप तैनात कर दिया है। इस ग्रुप में तीन युद्धपोत और एक पनडुब्बी भी शामिल है। इसके अलावा अमेरिका ने आसपास के देशों में मौजूद अपने सैन्य ठिकानों पर सैनिकों और हथियारों की तैनाती बढ़ाई है, जिसमें पेट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम प्रमुख है। अमेरिका ने अपने लड़ाकू विमानों को भी मध्य पूर्व में हाई अलर्ट पर रखा है। वहीं, ईरान ने भी अमेरिकी हमले के खतरे को देखते हुए चौकसी बढ़ा दी है। बड़ी संख्या में ईरानी ड्रोन हमले के लिए तैयार बैठे हैं। इसके अलावा, ईरान ने बड़ी संख्या में मिसाइलों को भी हमले के लिए रखा हुआ है।

ईरान ने धमकी दी है कि अगर अमेरिका हमला करता है तो इसे पूर्ण पैमाने पर युद्ध माना जाएगा और इसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। ईरानी विदेश मंत्री ने कहा है कि उनका देश मध्य पूर्व में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमला करेगा। अमेरिका ने मध्य पूर्व में कम से कम 8 देशों में सैन्य अड्डे बनाए हैं, जिसमें कतर से लेकर यूएई और ओमान तक शामिल हैं। ऐसे में अगर ईरान इन देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमला करता है तो इससे एक बड़ा युद्ध शुरू हो सकता है।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज