
वॉशिंगटन: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई से मिलने के लिए तैयार हैं। रुबियो ने कहा कि ईरान के साथ डील डोनाल्ड ट्रंप की प्राथमिकता है। उन्होंने देशों के एक-दूसरे से बातचीत करने की जरूरत पर जोर दिया और कहा, ‘मैं एक ऐसे राष्ट्रपति के अधीन काम करता हूं जो किसी से भी मिलने को तैयार हैं। मुझे पूरा यकीन है कि अगर अयातुल्ला ने कल कहा कि वह राष्ट्रपति ट्रंप से मिलना चाहते हैं तो राष्ट्रपति उनसे मिलेंगे।’ रुबियो ने म्यूनिख सिक्योरिटी कॉन्फ्रेंस के दौरान ब्लूमबर्ग से एक इंटरव्यू में ये बातें कहीं।


उन्होंने आगे कहा कि ट्रंप यह मुलाकात इसलिए नहीं करेंगे कि वह अयातुल्ला से सहमत हैं, बल्कि इसलिए कि उन्हें लगता है कि दुनिया की समस्याओं को इसी तरह हल किया जा सकता है। रुबियो ने यूरोपीय नेताओं से कहा कि उन्हें अपनी परंपराओं और मूल्यों की ओर लौटना चाहिए जो वे अमेरिका के साथ साझा करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने यूरोपीय सहयोगियों को वॉशिंगटन की प्रतिबद्धता के बारे में भरोसा दिलाने की कोशिश की।
Author: fastblitz24



