स्थानीय थाना क्षेत्र के कोइरीडीहा गांव स्थित जय गुरूदेव धर्म प्रचारक संस्था, मथुरा द्वारा भव्य सत्संग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।,
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित ओमप्रकाश गुप्ता ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि गुरु का स्थान संसार में सबसे ऊंचा होता है, क्योंकि गुरु ही मनुष्य को सही मार्ग दिखाते हैं और जीवन को दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने अपने प्रवचन में कहा कि बिना गुरु के सच्चे ज्ञान की प्राप्ति संभव नहीं है। वेद-शास्त्रों में भी गुरु की महिमा का विस्तार से वर्णन मिलता है। गुरु ही अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं। उन्होंने बताया कि उनके गुरु महाराज ने मानव कल्याण के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया और सत्संग के माध्यम से करोड़ों लोगों को हिंसा, हत्या और अन्य बुराइयों से दूर रहने का संदेश दिया।

ओमप्रकाश गुप्ता ने आपातकाल के दौर का उल्लेख करते हुए बताया कि 23 मार्च का दिन उनके गुरु महाराज के जीवन से विशेष रूप से जुड़ा हुआ है। इस दिन उन्हें जेल से बेदाग रिहाई मिली थी। इसी ऐतिहासिक स्मृति में हर वर्ष इस तिथि पर इस स्थान पर सत्संग कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं।
उन्होंने लोगों को नशा और मांसाहार से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि शराब और मांस के सेवन से व्यक्ति की बुद्धि नष्ट होती है और वह अच्छे-बुरे का भेद भूल जाता है। किसी भी जीव-जन्तु की हत्या कर उसका मांस खाना मानवता के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन अत्यंत दुर्लभ है और इसे व्यर्थ न गंवाकर साधना, भजन और सत्संग के माध्यम से ईश्वर प्राप्ति का प्रयास करना चाहिए।



उन्होंने आगे कहा कि समय रहते गुरु की शरण में जाकर नाम दीक्षा लेना और उनके बताए मार्ग पर चलना ही जीवन को सफल बनाता है। गुरु के सान्निध्य में रहकर ही आत्मकल्याण संभव है और मनुष्य जन्म-मरण के चक्र से मुक्ति पा सकता है। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के कई गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। इनमें राकेश शर्मा (तहसील उपाध्यक्ष, शाहगंज सोंधी), दलसिंगर (ब्लॉक अध्यक्ष), श्याम बली बिन्द (उपाध्यक्ष), रामपूजन मिश्र, बंशराज विश्वकर्मा, सतिराम राजभर, वीरेंद्र यादव, मतई, घनश्याम जायसवाल, भूलन यादव, राजेंद्र प्रसाद, गुल्लू, रामजीवन सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे |
Author: fastblitz24



