Fastblitz 24

शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं को मिलेगा पूरा सहयोग: बीएसए

प्राथमिक विद्यालय ताहिरपुर में किचन गार्डन, डेस्क-बेंच और डिजिटल कक्षा का उद्घाटन

जौनपुर:
जनपद में शिक्षा के स्तर को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने सोमवार को सिकरारा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय ताहिरपुर में किचन गार्डन, डेस्क-बेंच तथा डिजिटल कक्षा का उद्घाटन किया। यह सुविधाएं ‘नई पहल शिक्षा परियोजना’ के अंतर्गत एक्शन एड द्वारा आदित्य बिड़ला कैपिटल फाउंडेशन के सहयोग से उपलब्ध कराई गई हैं।


उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए बीएसए डॉ. पटेल ने कहा कि जौनपुर की पहचान पठन-पाठन और शिक्षा से जुड़ी रही है। उन्होंने कहा कि सिकरारा क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों का आत्मविश्वास सराहनीय है, जिसका श्रेय शिक्षकों को जाता है। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली गैर सरकारी संस्थाओं को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। साथ ही शिक्षकों से अपने आत्मविश्वास को बनाए रखने और चुनौतियों से न घबराने का आह्वान किया।


कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी मड़ियाहूं उदयभान कुशवाहा और सिकरारा के अजीत सिंह ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इन सुविधाओं से विद्यालयों में नामांकन और उपस्थिति में वृद्धि होगी। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अमित सिंह ने संस्था के जमीनी प्रयासों की प्रशंसा करते हुए अन्य विद्यालयों में भी ऐसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
इस दौरान एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। जिला कोऑर्डिनेटर बीनू सिंह ने एक्शन एड की गतिविधियों पर प्रकाश डाला, जबकि ब्लॉक कोऑर्डिनेटर बंशीलाल ने पीपीटी के माध्यम से स्मार्ट क्लास, शौचालय मरम्मत, किचन गार्डन, सोलर पैनल, वाटर कूलर, खेल सामग्री और पुस्तकालय जैसी सुविधाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में अनुपम श्रीवास्तव, मृत्युंजय सिंह, राजीव सिंह लोहिया, विशाल सिंह, रवि मिश्र, सतीश सिंह, यादवेंद्र यादव, सीमा रानी गुप्ता, डॉ. दिवाकर यादव, वीरेंद्र कुमार यादव, अश्वनी कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में महाजन अली ने सभी का आभार व्यक्त किया।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज