Fastblitz 24

ईंधन संकट, पेट्रोल पंपों पर अफरा-तफरी

.
दूसरे दिन भी लंबी कतारें, कई पंपों पर “पेट्रोल-डीजल समाप्त” के बोर्ड

सरायख्वाजा (जौनपुर)। क्षेत्र में पेट्रोल और डीजल को लेकर हालात लगातार दूसरे दिन भी सामान्य नहीं हो पाए। शुक्रवार को सुबह से ही अधिकतर पेट्रोल पंपों पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं, लेकिन भीड़ के बावजूद लोगों को ईंधन नहीं मिल सका। कई जगह घंटों इंतजार के बाद भी लोग खाली हाथ लौटने को मजबूर हो गए।
जानकारी के अनुसार सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के दर्जनों पेट्रोल पंपों पर तड़के से ही वाहनों की आवाजाही बढ़ गई। लोग किसी तरह अपने वाहन में पेट्रोल-डीजल भरवाने की जुगत में पहुंचे, लेकिन अधिकांश पंपों पर ईंधन उपलब्ध ही नहीं था। कई पेट्रोल पंपों पर “पेट्रोल-डीजल समाप्त” के बोर्ड टंगे रहे, जिसे देख लोगों में नाराजगी और अधिक बढ़ गई।
उधर जिला प्रशासन का दावा है कि जिले में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में ईंधन की पर्याप्त आपूर्ति की जा रही है, इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है। हालांकि ज़मीनी हकीकत प्रशासन के दावे से मेल नहीं खाती। दिनभर कई पंपों पर सन्नाटा छाया रहा, जबकि चंद चुनिंदा पेट्रोल पंपों पर ईंधन मिलने की सूचना मिलते ही भीड़ उमड़ पड़ी।
जहां-जहां ईंधन उपलब्ध था, वहां पहले पेट्रोल-डीजल भरवाने की होड़ मच गई। कई स्थानों पर लाइन में घुसने को लेकर वाहन स्वामियों के बीच नोकझोंक भी हुई। कर्मचारियों ने व्यवस्था संभालने की कोशिश की, लेकिन भीड़ अधिक होने से अव्यवस्था बनी रही।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पेट्रोल-डीजल रोजमर्रा की जरूरत है और इसके अभाव में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्थिति को काबू में लाने के लिए प्रशासन की ओर से अभी तक कोई ठोस पहल दिख नहीं रही, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज