माउंट लिट्रा जी स्कूल में खुलेगी रोहित शर्मा की क्रिकेट एकेडमी
सिकरारा (जौनपुर) | क्रिकेट की दुनिया में अपना भविष्य संवारने का सपना देख रहे पूर्वांचल के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज और पूर्व कप्तान ‘हिटमैन’ रोहित शर्मा अब जौनपुर के फतेहगंज स्थित माउंट लिट्रा जी स्कूल में जिले की क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारेंगे। स्कूल और रोहित शर्मा की एकेडमी के बीच अनुबंध (MOU) फाइनल हो चुका है।
धवल कुलकर्णी देंगे ट्रेनिंग, जून तक तैयार होगा इंटरनेशनल ग्राउंड
विद्यालय के निदेशक अरविंद कुमार सिंह ने पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि इस साझेदारी के तहत भारतीय क्रिकेटर धवल कुलकर्णी खुद एकेडमी का दौरा करेंगे और खिलाड़ियों को प्रोफेशनल ट्रेनिंग देंगे। स्कूल परिसर में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप मैदान तैयार किया जा रहा है, जिसका काम जून तक पूरा होने की उम्मीद है।
एकेडमी की 5 बड़ी बातें:
- वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर: एकेडमी में आधुनिक पिच, वर्ल्ड क्लास कोचिंग और प्रोफेशनल ट्रेनिंग की सुविधा मिलेगी।
- इन-हाउस स्टूडेंट्स को बड़ी राहत: माउंट लिट्रा जी स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों को क्रिकेट का प्रशिक्षण पूरी तरह मुफ्त दिया जाएगा।
- बाहरी खिलाड़ियों के लिए मौका: जिले और बाहर के अन्य खिलाड़ी भी निर्धारित फीस देकर यहां एडमिशन ले सकेंगे।
- फ्री नेशनल कैंप: रोहित शर्मा की एकेडमी साल में एक बार देशभर के चुनिंदा बच्चों के लिए 15-20 दिनों का स्पेशल कैंप लगाती है, जहां रहना और ट्रेनिंग फ्री होती है।
- IPL का रास्ता: एकेडमी से निकलने वाले होनहार खिलाड़ियों को आईपीएल और भारतीय टीम तक पहुंचने के लिए सही मार्गदर्शन और मंच मिलेगा।
”हमारा लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्र की उन प्रतिभाओं को तराशना है जिनके पास जुनून तो है, लेकिन संसाधनों की कमी है। रोहित शर्मा की एकेडमी के साथ जुड़ने से प्रशिक्षण का स्तर विश्वस्तरीय होगा।”
— अरविंद कुमार सिंह, निदेशक (माउंट लिट्रा जी स्कूल)
सर्वांगीण विकास पर जोर
स्कूल की प्रिंसिपल श्वेता मिश्रा ने बताया कि एकेडमी में अलग-अलग आयु वर्ग के हिसाब से ट्रेनिंग शेड्यूल तैयार किया गया है। निदेशक विख्यात सिंह और संरक्षक दिनेश सिंह ने इसे जिले के लिए गौरव की बात बताते हुए कहा कि इससे शिक्षा के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी जौनपुर को नई पहचान मिलेगी।
इस अवसर पर संरक्षक रमेश सिंह, मैनेजिंग डायरेक्टर कार्तिकेय सिंह और विकास सिंह समेत अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
Author: fastblitz24





