
जौनपुर (बदलापुर/बक्शा): जनपद के बदलापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलाबा गांव में शनिवार की रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने एक किसान की खून-पसीने की कमाई को आग के हवाले कर दिया। इस घटना में करीब 2.15 एकड़ खेत से काटकर रखी गई सरसों की फसल पूरी तरह जलकर राख हो गई। पीड़ित किसान ने थाने में तहरीर देकर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
खेत में सुरक्षित रखी थी कटी फसल
जानकारी के अनुसार, बक्शा थाना क्षेत्र के दरियावगंज (तहसील मड़ियाहूं) निवासी किसान उदयभान यादव ने बदलापुर तहसील के बेलाबा गांव में करीब सवा दो एकड़ भूमि पर सरसों की बुवाई की थी। फसल तैयार होने के बाद उसकी कटाई कर खेत में ही सुरक्षित ढेर बनाकर रखा गया था। किसान का कहना है कि मौसम खराब होने के कारण वह फसल की मड़ाई नहीं कर पाए थे और उसे खेत में ही छोड़ दिया था।


साजिश या शरारत?
पीड़ित के मुताबिक, 28 मार्च की रात अज्ञात लोगों ने दुर्भावनापूर्ण तरीके से फसल के ढेर में आग लगा दी। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरी फसल जलकर खाक हो गई। घटना की सूचना मिलते ही किसान ने तत्काल 112 नंबर पर डायल कर पुलिस को सूचित किया। गश्त पर मौजूद पुलिस टीम ने भी मौके का मुआयना किया।

कार्रवाई की मांग
रविवार को पीड़ित किसान उदयभान यादव ने थाना अध्यक्ष बदलापुर को प्रार्थना पत्र सौंपकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की गुहार लगाई है। पीड़ित का कहना है कि यह घटना किसी रंजिश या असामाजिक तत्वों की सोची-समझी साजिश का परिणाम हो सकती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Author: fastblitz24



