Fastblitz 24

घास की रोटी खाकर भी नहीं झुके महाराणा प्रताप, जयंती समारोह में गूंजा स्वाभिमान का संदेश

 

मछलीशहर के बामी गेट पर धूमधाम से मनाई गई जयंती, पूर्व सांसद बीपी सरोज बोले— समाजहित और राष्ट्रधर्म सर्वोपरि

महाराणा प्रताप जयंती धूमधाम से मनाई गई

मछलीशहर। तहसील क्षेत्र के बंधवा कुंवरपुर मार्ग स्थित बामी गेट पर वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद बीपी सरोज ने कहा कि महाराणा प्रताप ने धर्म और स्वाभिमान की रक्षा के लिए कठिन संघर्ष किया। उन्होंने घास की रोटी खाकर भी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज को सदैव सत्य, मानवता और राष्ट्रहित के मार्ग पर चलना चाहिए।
कार्यक्रम आयोजक संजीव सिंह ‘फौजी भैया’ ने आगंतुक अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति पर विस्तार से प्रकाश डाला।
पूर्व मंत्री जगदीश सोनकर ने कहा कि आज के समय में सर्व समाज को एकजुट होकर देश की मजबूती के लिए कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने महाराणा प्रताप के विचारों को वर्तमान पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश से पहुंचे सनातनी संतों एवं समाजसेवियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर अजय शंकर दुबे, हनुमान पांडेय, राजीव सिंह ‘राजू भैया’ भावी ब्लॉक प्रमुख मुंगराबादशाहपुर, जय जय सिंह ‘अन्ना’ सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन महेश तिवारी ने किया।
fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love