Fastblitz 24

जिला अस्पताल में आग से निपटने का मॉक ड्रिल, मरीजों को सुरक्षित निकालने का कराया अभ्यास

अचानक आग लगने की स्थिति से निपटने के लिए फायर विभाग की तैयारी परखा गया, स्टाफ को दिए गए जरूरी टिप्स

जौनपुर। जिला अस्पताल में मंगलवार को आग लगने जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर विभाग की ओर से व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान अस्पताल परिसर में अचानक आग लगने की काल्पनिक स्थिति बनाकर मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने, आग बुझाने और राहत-बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया गया।

मॉक ड्रिल के दौरान कुछ समय के लिए अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी जैसे हालात उत्पन्न हुए, लेकिन फायर कर्मियों और अस्पताल प्रशासन ने संयमित तरीके से पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया। फायर विभाग की टीम ने अस्पताल के कर्मचारियों को अग्निशमन उपकरणों के सही इस्तेमाल की जानकारी देते हुए आग लगने की स्थिति में तत्काल क्या कदम उठाने चाहिए, इसकी भी विस्तार से जानकारी दी।

नवागत जिलाधिकारी सैम्युल पाल एन. के निर्देश पर आयोजित इस मॉक ड्रिल में फायर विभाग के अधिकारी नागेंद्र द्विवेदी अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि किसी भी दुर्घटना की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल सूचना देना, बिजली सप्लाई बंद करना और लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाना सबसे पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।
फायर कर्मियों ने अस्पताल स्टाफ को बताया कि आग लगने पर धुएं से बचाव कैसे करें, मरीजों को सुरक्षित तरीके से कैसे निकाला जाए और प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों का उपयोग किस प्रकार किया जाए।
प्रशासन की ओर से कहा गया कि जिले में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर विभाग पूरी तरह तैयार है और समय-समय पर ऐसे मॉक ड्रिल आयोजित कर लोगों को जागरूक किया जाता रहेगा।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज