Fastblitz 24

दूल्हा हत्याकांड के आरोपी पर पुलिस का ‘हंटर’: कफन के साथ अब नशीली दवाओं का भी सौदा! घर से बरामद हुई लाखों की खेप

दूल्हा हत्याकांड के आरोपी पर पुलिस का ‘हंटर’: कफन के साथ अब नशीली दवाओं का भी सौदा! घर से बरामद हुई लाखों की खेप

जौनपुर (खेतासराय): जौनपुर के चर्चित आजाद बिंद हत्याकांड में अब एक नया और चौंकाने वाला मोड़ आया है। जिस हाथ ने दूल्हे की जान ली, वही हाथ अवैध दवाओं के काले कारोबार में भी डूबे हुए थे। पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार देर शाम मुख्य आरोपी के ठिकाने पर छापेमारी कर उसके ‘ड्रग सिंडिकेट’ का भंडाफोड़ किया है। आरोपी के घर से करीब 2.33 लाख रुपये की अवैध एलोपैथिक दवाएं बरामद हुई हैं।

खाकी का छापा, माफिया में हड़कंप

​सफेदपोश अपराधियों और खूनी दरिंदों के गठजोड़ पर नकेल कसते हुए पुलिस ने खेतासराय इलाके में स्थित आरोपी के घर को खंगाला। ड्रग इंस्पेक्टर और खेतासराय पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई में घर के भीतर बोरियों में भरकर छिपाई गई दवाओं का जखीरा मिला। जैसे-जैसे बोरियां खुलीं, पुलिस भी दंग रह गई। बिना किसी लाइसेंस और कागजात के चल रहा यह धंधा इलाके के युवाओं को नशे और मौत की ओर धकेलने का काम कर रहा था।

क्या हत्या और अवैध दवाओं का है कोई कनेक्शन?

​1 मई को मनेछा के पास जिस तरह सरेआम दूल्हे आजाद बिंद की हत्या की गई थी, उसके बाद से ही आरोपी पुलिस के रडार पर था। अब इस बरामदगी ने पुलिस के जांच के दायरे को बढ़ा दिया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपी सिर्फ हत्यारा ही नहीं, बल्कि अवैध दवा कारोबार का शातिर खिलाड़ी भी है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या इन अवैध दवाओं के पैसे का इस्तेमाल अपराध को अंजाम देने या फरार रहने के दौरान किया जा रहा था।

2.33 लाख की खेप सील, दर्ज होगा एक और मुकदमा

​पुलिस ने बरामद दवाओं को कब्जे में लेकर सील कर दिया है। औषधि विभाग की ओर से ड्रग एंड कॉस्मेटिक एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। मौके पर पुलिसकर्मियों के साथ महिला अधिकारी और अन्य कर्मचारी जब्त माल का ब्योरा तैयार करते नजर आए। पुलिस का साफ संदेश है— अपराध के साथ-साथ अपराधियों की आर्थिक कमर भी तोड़ी जाएगी।

वारदात का फ्लैशबैक: खुशियां मातम में बदली थीं

​बता दें कि बडऊर गांव निवासी आजाद बिंद अपनी जिंदगी की नई शुरुआत करने जा रहा था, लेकिन मनेछा के पास घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद से ही क्षेत्र में भारी आक्रोश था। अब पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि आरोपियों के काले कारनामों की फेहरिस्त बहुत लंबी है।

“अपराधी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। हत्या के मामले के साथ-साथ अब अवैध दवा कारोबार के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जाएगा। आरोपी के खिलाफ ड्रग एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जा रही है।”

पुलिस प्रशासन, 

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज