Fastblitz 24

तनाव भरी ड्यूटी के बीच सुरों का सहारा: पुलिस लाइन में खुला शास्त्रीय संगीत कक्ष

“वामा सारथी” योजना के तहत पुलिस परिवारों को मिलेगा संगीत प्रशिक्षण, बच्चों में निखरेगी रचनात्मक प्रतिभा

जौनपुर। पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के मानसिक स्वास्थ्य, सांस्कृतिक विकास एवं मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए रिजर्व पुलिस लाइन जौनपुर में शास्त्रीय एवं उप शास्त्रीय संगीत कक्ष का उद्घाटन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने सहायक पुलिस अधीक्षक श्रृष्टि जैन के साथ विधिवत फीता काटकर संगीत कक्ष का शुभारंभ किया। यह पहल “वामा सारथी” योजना के अंतर्गत पुलिस परिवारों के कल्याण एवं बच्चों के रचनात्मक विकास को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ गरिमामय वातावरण में हुआ। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पुलिस परिवार के सदस्यों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायी बताया।
एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग का कार्य अत्यंत चुनौतीपूर्ण एवं तनावपूर्ण होता है। पुलिसकर्मी दिन-रात कानून व्यवस्था एवं आमजन की सुरक्षा में जुटे रहते हैं। ऐसे में मानसिक एवं भावनात्मक संतुलन बनाए रखने के लिए सकारात्मक और रचनात्मक गतिविधियां अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि संगीत व्यक्ति को मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और आत्मिक संतुलन प्रदान करता है।

बच्चों को मिलेगा संगीत सीखने का अवसर

कार्यक्रम के दौरान एसएसपी ने संगीत शिक्षक से संवाद कर प्रशिक्षण व्यवस्था और विभिन्न संगीत विधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें गायन और वाद्ययंत्र सीखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि संगीत केवल कला नहीं बल्कि अनुशासन, धैर्य और आत्मविश्वास विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।
तबला, हारमोनियम और गिटार का होगा प्रशिक्षण
संगीत कक्ष में प्रशिक्षित शिक्षकों द्वारा नियमित रूप से गायन के साथ तबला, हारमोनियम, गिटार एवं की-बोर्ड जैसे वाद्ययंत्रों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य पुलिस परिवारों के बच्चों को उनकी प्रतिभा के अनुरूप मंच उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिसार निरीक्षक दीनदयाल दीक्षित ने मधुर गायन प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। वहीं संगीत शिक्षक द्वारा भी शास्त्रीय एवं आधुनिक संगीत की आकर्षक प्रस्तुति प्रस्तुत की गई

सांस्कृतिक ऊर्जा से सराबोर रहा माहौल

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, पुलिस परिवारों के सदस्य, संगीत शिक्षक एवं बच्चे उपस्थित रहे। पूरा वातावरण उत्साह, प्रेरणा और सांस्कृतिक ऊर्जा से सराबोर दिखाई दिया। एसएसपी ने कहा कि भविष्य में भी पुलिस परिवारों के हित में ऐसे रचनात्मक एवं कल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज