Fastblitz 24

जौनपुर में बेखौफ बदमाशों का तांडव: बुजुर्ग दंपती को बंधक बना लाखों के जेवरात और नकदी लूटी

पारिवारिक बंटवारे के बाद नए मकान में सो रहा था भुक्तभोगी, गांव में दहशत का माहौल

जौनपुर ( ब्यूरो):

          जिले के लाइन बाजार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अजोशीपुर गांव से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ सोमवार रात अज्ञात नकाबपोश चोरों ने एक बुजुर्ग दंपती को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के कीमती जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। डकैती की इस सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सीओ सिटी आयुष श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान और प्रभारी निरीक्षक अरविंद पांडेय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की गहनता से जांच शुरू की।

कमरे में सो रही बुजुर्ग महिला को बनाया बंधक

​पीड़ित त्रिभुवन राय ने बताया कि वह अपने पैतृक मकान के ठीक पीछे बन रहे नए मकान के पास सो रहे थे। वहीं उनकी पत्नी गिरीश देवी पुराने मकान के एक कमरे में गहरी नींद में थीं। रात के करीब ढाई बजे अचानक गिरीश देवी की आंख खुली तो उनके होश उड़ गए। उनके कमरे में 3 से 4 नकाबपोश बदमाश घुस आए थे। बदमाशों ने महिला को डरा-धमका कर चुप करा दिया और कमरे के दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने पूरे इत्मीनान से घर को खंगाला।

चार संदूकों के ताले तोड़ उड़ाए लाखों के जेवरात

​पीड़िता गिरीश देवी के अनुसार, बदमाशों ने कमरे में रखे चार बड़े संदूकों के ताले एक-एक कर तोड़ दिए। चोरों ने संदूकों में रखे सोने का हार, झुमके, कान के टॉप्स, चांदी की पायल, बिछिया और करीब 10 हजार रुपये की नकदी समेट ली। वारदात को अंजाम देकर चोर बड़ी आसानी से मौके से फरार हो गए। काफी देर बाद जब महिला ने शोर मचाया, तो आवाज सुनकर उनके पति और आस-पड़ोस के लोग मौके पर इकट्ठा हुए और दरवाजा खोलकर उन्हें बाहर निकाला।

एक महीने पहले ही मुंबई से लौटा था पीड़ित

पीड़ित त्रिभुवन राय ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ मुंबई में रहते हैं और वहाँ कैटरिंग का काम करते हैं। करीब एक महीने पहले ही वह अपनी पत्नी के साथ गांव लौटे थे। पारिवारिक बंटवारे के बाद वह अपने हिस्से की जमीन पर नया मकान बनवा रहे थे।

 

मामले की जांच में जुटी पुलिस

​इस दुस्साहसिक चोरी की घटना के बाद से पूरे इलाके के ग्रामीणों में भारी भय और आक्रोश का माहौल है। मामले की जानकारी देते हुए प्रभारी निरीक्षक अरविंद पांडेय ने बताया कि पीड़िता गिरीश देवी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। संदिग्धों की तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही इस चोरी का खुलासा कर दिया जाएगा।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज