Fastblitz 24

विद्युत विभाग की बड़ी लापरवाही: सड़क पर ‘यमदूत’ बनकर लटका है बिजली का पोल, 5 दिन से कयार चौराहे पर पसरा ब्लैकआउट

  सोगर उपकेंद्र की नाकामी: चक्रवाती तूफान के बाद गहरी नींद में सोया विभाग

       भीषण गर्मी और उमस के बीच रातें सड़क पर गुजार रहे उपभोक्ता, दुकानदारी ठप

सरायख्वाजा (जौनपुर)।

बिजली विभाग की घोर लापरवाही और संवेदनहीनता के कारण सरायख्वाजा थाना क्षेत्र का कयार चौराहा इन दिनों किसी बड़े हादसे के मुहाने पर खड़ा है। पांच दिन पहले आए चक्रवाती तूफान में शारदा सहायक नहर के पास एक विशाल पेड़ गिरने से बिजली का पोल टूट गया था। कयार चौराहे जैसी व्यस्त सड़क पर यह क्षतिग्रस्त पोल पिछले 120 घंटों से मौत का दावतनामा बनकर लटक रहा है, लेकिन कुंभकर्णी नींद सोए विद्युत विभाग के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है।

​हर पल मंडराते खतरे के बीच स्थानीय ग्रामीण और राहगीर खौफ के साए में इस मार्ग से गुजरने को मजबूर हैं। कयार चौराहे पर शाम ढलते ही ऐसा सन्नाटा और अंधेरा पसर जाता है, मानो यह कोई डरावना इलाका हो।

अफसरों ने फेरा मुंह: फोन तक उठाने को तैयार नहीं जिम्मेदार

​स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों का आरोप है कि जर्जर और टूटे पोल की जानकारी कई बार विभागीय अधिकारियों को दी गई, लेकिन समस्या का समाधान करना तो दूर, अब सोगर विद्युत उपकेंद्र के जिम्मेदार कर्मचारियों और अधिकारियों ने उपभोक्ताओं के फोन उठाना तक बंद कर दिया है। जनता की सुध लेने वाला कोई नहीं है।

गर्मी का टॉर्चर, रातें सड़क पर काटने को मजबूर ग्रामीण

​इस भीषण और उमस भरी गर्मी में पिछले पांच दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। पंखे, कूलर और पानी की मोटरें शोपीस बनकर रह गई हैं। दिन में चिलचिलाती धूप और रात में दम घोटने वाली उमस के कारण त्राहि-त्राहि मची हुई है। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि लोग रात के समय घरों से बाहर निकलकर सड़कों पर चारपाई डालकर रात बिताने को मजबूर हैं। छोटे बच्चों और बुजुर्गों की हालत सबसे ज्यादा खराब है।

ठप हुआ कारोबार, व्यापारियों में भारी आक्रोश

​कयार चौराहे के दुकानदारों और व्यापारियों का कहना है कि बिजली गुल रहने से उनका पूरा धंधा चौपट हो चुका है। इलेक्ट्रॉनिक्स, वेल्डिंग, डेयरियों और किराना दुकानों का काम पूरी तरह ठप है। शाम होते ही बाजार में अंधेरा डूब जाने से ग्राहक भी दुकानों का रुख नहीं कर रहे हैं। ग्रामीणों और व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही नया पोल लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो वे सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज