गांव में पसरा मातम, परीक्षा देकर घर लौटते वक्त काल बने बेकाबू वाहन ने ली जान
जौनपुर:

उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में बुधवार का दिन खुशियां लेकर नहीं, बल्कि दो परिवारों के लिए जिंदगी भर का गम लेकर आया। सरपताहां थाना क्षेत्र के रूदौली गांव के पास एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक और युवती की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों टीईटी (TET) की परीक्षा दिलाकर अपने घर लौट रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।


परीक्षा केंद्र से लौटते समय हुआ हादसा
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गंगोली निवासी लिटिल वर्मा (पुत्र सियाराम वर्मा) अपनी रिश्तेदार नेहा वर्मा (23 वर्ष, निवासी करनपुर, थाना लंभूआ, सुल्तानपुर) को बाइक पर बैठाकर टीईटी की परीक्षा दिलाने ले गया था। बुधवार सुबह करीब 11 बजे जब दोनों परीक्षा देकर वापस लौट रहे थे, तभी रूदौली गांव के पास सामने से आई अनियंत्रित बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक-युवती सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में मौत की पुष्टि होते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों के गांव में सूचना मिलते ही कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी बोलेरो चालक की तलाश की जा रही है। एक छोटी सी परीक्षा के सफर का अंत इस तरह दर्दनाक होगा, यह किसी ने सोचा भी नहीं था।
Author: fastblitz24



