‘हर रविवार, मच्छर पर वार’: जिला प्रशासन ने कसी कमर
जुलाई भर चलेगा जागरूकता का महाभियान
जौनपुर।

जिले को संचारी रोगों (Vector Borne Diseases) से सुरक्षित बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। बुधवार, 01 जुलाई 2026 को टीबी चिकित्सालय परिसर से संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम ने संचारी शपथ दिलाकर और अंतर्विभागीय रैली को हरी झंडी दिखाकर अभियान को गति दी।



’शून्य टॉलरेंस’ के साथ अंतर्विभागीय समन्वय
यह अभियान महज स्वास्थ्य विभाग का नहीं, बल्कि कई विभागों का साझा संकल्प है। रैली में स्वास्थ्य विभाग, नगरपालिका, शिक्षा, कृषि, पशुपालन और सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने कंधे से कंधा मिलाकर भागीदारी की। टीबी अस्पताल से निकली रैली गांधी तिराहा होते हुए पुनः अस्पताल परिसर पहुंची, जहाँ स्वास्थ्यकर्मियों, पैरामेडिकल छात्रों और अधिकारियों ने मिलकर जन-जागरूकता का संदेश दिया।
दस्तक से ढूँढे जाएंगे रोगी: 11 से 31 जुलाई तक विशेष अभियान
सीएमओ डॉ. गौतम ने बताया कि 01 से 31 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान में साफ-सफाई, जल निकासी, झाड़ियों की कटाई और फॉगिंग जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
वहीं, 11 जुलाई से 31 जुलाई तक ‘दस्तक अभियान’ चलाया जाएगा। इस दौरान आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर बुखार, टीबी, कुष्ठ, मलेरिया, फाइलेरिया और कालाजार जैसे रोगों के लक्षण वाले मरीजों की पहचान कर उन्हें उपचार उपलब्ध कराएंगी।
शहर भर में गूंजे जागरूकता के नारे
रैली के दौरान माईकिंग, बैनर और पैम्फलेट के जरिए लोगों को रोगों से बचाव के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान स्लोगनों के माध्यम से स्वास्थ्य के प्रति गंभीर रहने का संदेश दिया गया:
- “जल जमाव होगा जहां, मच्छर पैदा होंगे वहां।”
- “कचरा कचरेदानी में, सोएं मच्छरदानी में।”
- “शूकर मच्छर गंदा पानी, संचारी रोगों की रचे कहानी।”
- “साफ पानी साफ हाथ, संचारी रोगों की देंगे मात।”

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
अभियान के शुभारंभ अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. देवेन्द्र कुमार सिंह, ईओ धर्मराज राय, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. निशा, डॉ. वीपी सिंह, नोडल अधिकारी डॉ. अरुण कुमार यादव, अपर सीएमओ डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव सहित तमाम विभागों के अधिकारी और कुंवर हरिवंश सिंह नर्सिंग इंस्टीट्यूट के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
Author: fastblitz24


