Fastblitz 24

दहेज की बलि चढ़ी विवाहिता: भाई की शिकायत पर पति और ननद गिरफ्तार

मृतका के भाई ने लगाया प्रताड़ना का आरोप, मीरगंज निवासी भाई की तहरीर पर पुलिस ने की कार्रवाई

तेजीबाज़ार।

           क्षेत्र के भोषिला गांव में बीते बुधवार को एक विवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने के मामले ने अब गंभीर मोड़ ले लिया है। मृतका के भाई ने पति और ननद पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

दहेज के लिए करते थे प्रताड़ित

थाना मीरगंज के जरौना गांव निवासी अनुराग उपाध्याय ने आरोप लगाया है कि उनकी बहन प्रियंका उपाध्याय की शादी भोषिला गांव निवासी प्रवेश उपाध्याय पुत्र स्व. गिरजाशंकर के साथ हुई थी। अनुराग का आरोप है कि प्रवेश और उसकी बहन कुमकुम उपाध्याय (ननद) आए दिन दहेज की मांग को लेकर प्रियंका को प्रताड़ित करते थे। लगातार हो रही मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के कारण प्रियंका काफी परेशान रहती थी। भाई का आरोप है कि बीते एक जुलाई की सुबह इन लोगों ने साजिश रचकर प्रियंका की हत्या कर दी और मामले को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया।

पुलिस ने दबिश देकर दबोचा

घटना के संबंध में तेजीबाज़ार थानाध्यक्ष सतेन्द्र भाई पटेल ने जानकारी दी कि मृतका के भाई अनुराग उपाध्याय की तहरीर पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद से ही पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही थी। गुरुवार की सुबह मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर मितावां मोड़ के पास से पति प्रवेश उपाध्याय और ननद कुमकुम उपाध्याय को गिरफ्तार कर लिया।

​थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपियों को हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज