मड़ियाहूँ में रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात, काली पन्नी में लपेटकर फेंका था शव; 14 घंटे में पुलिस ने आरोपी को किया ढेर
जौनपुर: मड़ियाहूँ तहसील क्षेत्र में हुई एक जघन्य हत्याकांड ने पूरे जनपद को झकझोर कर रख दिया है। एक सिरफिरे आशिक ने अपनी प्रेमिका की गला रेतकर हत्या करने के बाद शव को क्रूरता के साथ गड़ासे से काट डाला। इतना ही नहीं, आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए शव के टुकड़ों को काली पन्नी में लपेटकर हाईवे किनारे फेंक दिया। इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए मड़ियाहूँ पुलिस ने घटना के मात्र 14 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

शातिर अपराधी को लगी गोली


पुलिस की गिरफ्त में आया आरोपी हेमल खखरिया उर्फ दिलीप (42), मूल रूप से भावनगर (गुजरात) का रहने वाला है और वर्तमान में मड़ियाहूँ के टीचर्स कॉलोनी में रह रहा था। पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की एक गोली आरोपी के दाहिने पैर में लगी, जिससे वह लंगड़ा होकर गिर पड़ा और उसे हिरासत में ले लिया गया।
मोबाइल चैट बनी हत्या की वजह
पूछताछ में आरोपी ने जो खुलासा किया, उसने पुलिस के भी होश उड़ा दिए। हेमल ने बताया कि वह 4 जुलाई को मृतका रेशमा खाँ उर्फ सना को बाबतपुर (वाराणसी) से अपने किराये के कमरे में ले आया था। वहां मोबाइल चैट को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर आरोपी ने सोते समय सना की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। साक्ष्यों को मिटाने के लिए उसने बाजार से काली पॉलिथीन खरीदी और गड़ासे से शव के हाथ-पैर काटकर उसे तीन टुकड़ों में बांट दिया।
पुलिस की मुस्तैदी से सुलझी गुत्थी
रविवार सुबह रानीपुर बाईपास के पास झाड़ियों में शव मिलने से हड़कंप मच गया था। प्रभारी निरीक्षक दीपेन्द्र सिंह की टीम ने मामले को चुनौती के रूप में लिया और सीसीटीवी कैमरों व मुखबिर की सूचना पर जाल बिछाया। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त गड़ासा, चाकू, अवैध पिस्टल और मृतका के शेष अंग बरामद कर लिए हैं। आरोपी के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने और पुलिस पर फायरिंग करने के गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
इलाके में मची खलबली
दिनदहाड़े और सरेआम हुई इस घटना ने स्थानीय निवासियों में डर का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को उपचार के लिए चिकित्सालय भेजा गया है और पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। इस सफल ऑपरेशन में प्रभारी निरीक्षक दीपेन्द्र सिंह की टीम के साथ उपनिरीक्षक रामाश्रय प्रजापति, हे0का0 श्रीप्रकाश तिवारी, मो0 रिजवान सहित पूरी टीम की अहम भूमिका रही।
Author: fastblitz24


