जौनपुर | सोशल मीडिया पर सनसनीखेज और आपत्तिजनक रील बनाकर समाज में भय एवं दहशत का माहौल पैदा करने वालों के खिलाफ जौनपुर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। ‘ऑपरेशन वज्रपात’ के तहत तेजीबाजार थाना पुलिस ने एक मनबढ़ युवक को गिरफ्तार कर उसका न्यायालय चालान कर दिया।
थानाध्यक्ष तेजीबाजार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।पुलिस के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया पर रील बनाकर क्षेत्र में भय और दहशत का वातावरण उत्पन्न कर रहा था। उसके आक्रामक रुख और किसी संज्ञेय अपराध को अंजाम देने की प्रबल आशंका को देखते हुए शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने उसे अभिरक्षा में ले लिया। इस प्रभावी कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में तेजीबाजार थाने के उप-निरीक्षक शिवबदन यादव और हेड कांस्टेबल विजय कुमार यादव शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंध धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है।




