जौनपुर | जिले की जलालपुर थाना पुलिस ने अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने हाईवे पर लूटपाट करने वाले दो शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के पास से छीना गया एक टच-स्क्रीन मोबाइल फोन, ₹2,000 नकद तथा बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक बरामद की गई है।
क्या था मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 19 जुलाई 2026 की रात्रि लगभग 10 बजे छतारी पुलिया हाईवे पर तीन मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने नेवढ़िया (उत्तर पट्टी) निवासी मंसूर अली पुत्र मोहम्मद हनीफ को घेर लिया था। बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देते हुए पीड़ित का पर्स, मोबाइल फोन और ₹8,000 नकद छीन लिए थे और मौके से फरार हो गए थे।
पीड़ित की तहरीर पर थाना जलालपुर में 23 जुलाई 2026 को तीन अज्ञात बाइक सवारों के विरुद्ध संबंध धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। 24 जुलाई 2026 की रात्रि में मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने असबरनपुर अंडरपास हाईवे पुलिया के पास घेराबंदी कर दो अभियुक्तों को दबोच लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया है।




