पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मुख्य आरोपी नीरज सिंह सहित तीन को दबोचा, न्यायालय में किया पेश
- जमीनी विवाद में रची गई थी खूनी साजिश, ससुराल से बुलाए थे गुर्गे।
- अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं दोनों पीड़ित, एक की हालत नाजुक।
बरसठी/जौनपुर। जौनपुर के बरसठी थाना क्षेत्र के बारीगांव में जमीन बंटवारे के पुराने विवाद में सोते हुए दो सगे भाइयों पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने वाले आरोपियों पर कानून का शिकंजा कस गया है। बरसठी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में वांछित तीन मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अपराधियों में हड़कंप मचा है।

गिरफ्तारी और कार्रवाई का विवरण


प्रभारी निरीक्षक बरसठी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर ग्राम बारीगांव और कान्हपुर से तीन आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में नीरज सिंह (पत्नी सुभाष सिंह, निवासी बारीगांव) के साथ जिलेदार सिंह और सुनील सिंह (दोनों निवासी कान्हपुर) शामिल हैं। पुलिस ने इन सभी के विरुद्ध थाना बरसठी में मु0अ0सं0 288/2026, धारा 109(1), 118(2), 351(3), 61(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया है। इस सफल ऑपरेशन में अपराध निरीक्षक लक्ष्मण प्रसाद शर्मा, उ0नि0 शैलेन्द्र कुमार दूबे, हे0का0 पवित्र भूषण तिवारी, का0 अभिषेक यादव व महिला आरक्षी किरन और बबिता की अहम भूमिका रही।
क्या थी खूनी घटना?
विवाद का कारण करीब 25 वर्षों से चल रहा मकान और जमीन का बंटवारा बताया जा रहा है। घटना रविवार तड़के करीब तीन बजे की है, जब बारीगांव निवासी राज सिंह (20) और उदय सिंह (23) अपने घर में सो रहे थे। आरोप है कि उनके सगे चाचा सुभाष सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर कुल्हाड़ी से उन पर जानलेवा हमला कर दिया।
पीड़ित परिवार की महिलाओं ने आरोप लगाया है कि सुभाष सिंह ने इस साजिश को अंजाम देने के लिए अपनी ससुराल (कानपुर) से भी लोगों को बुला रखा था। हमले में घायल दोनों युवकों को गंभीर अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से राज सिंह की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है, जबकि उदय सिंह का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
Author: fastblitz24


