Fastblitz 24

सीएम आवास पर शिक्षक संघ की बड़ी बैठक: टेट प्रभावित शिक्षकों की नौकरी पर संकट टला, मुख्यमंत्री ने दिया सुरक्षा का भरोसा

ऐतिहासिक कैशलेस इलाज योजना के लिए शिक्षकों ने जताया आभार; मुख्यमंत्री बोले- ‘शिक्षकों के अनुभव का सम्मान, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के खिलाफ जा चुकी है सरकार’

 जौनपुर

उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने विधान परिषद सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह और राज बहादुर सिंह चंदेल के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जहां एक ओर शिक्षकों के लिए लागू की गई ऐतिहासिक कैशलेस चिकित्सा योजना के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया, वहीं दूसरी ओर टेट (TET) प्रभावित शिक्षकों की सेवाएं सुरक्षित रखने की पुरजोर मांग की। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को संवेदनशीलता के साथ सुना और हरसंभव मदद व सुरक्षा का भरोसा दिलाया।

विशेष विभागीय टेट परीक्षा और वेटेज देने की मांग

​मुलाकात के दौरान संघ के प्रदेश अध्यक्ष विनय तिवारी एवं संयुक्त महामंत्री अमित सिंह ने मुख्यमंत्री का ध्यान सर्वोच्च न्यायालय के एक हालिया आदेश की ओर आकर्षित किया। शिक्षक नेताओं ने कहा कि इस आदेश से लंबे समय से विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे टेट प्रभावित शिक्षकों के भविष्य पर संकट मंडराने लगा है। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि इन कार्यरत शिक्षकों के लंबे सेवा अनुभव को आधार मानते हुए उन्हें वेटेज (भारांक) दिया जाए और एक विशेष विभागीय टेट परीक्षा आयोजित कर उनकी सेवाओं को पूर्ण रूप से सुरक्षित किया जाए।

शिक्षकों का अहित नहीं होने देगी सरकार: मुख्यमंत्री

​प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के शिक्षकों के लंबे और मूल्यवान कार्य अनुभव को देखते हुए ही राज्य सरकार ने सर्वोच्च न्यायालय के 1 सितंबर 2025 के आदेश के विरुद्ध पहले ही पुनर्विचार याचिका (Review Petition) दायर कर दी है। सरकार का प्रयास है कि किसी भी शिक्षक का अहित न हो। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार वैधानिक और प्रशासनिक स्तर पर सभी प्रभावित शिक्षकों की सेवाएं सुरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री के इस सकारात्मक आश्वासन पर शिक्षक संघ ने उनका आभार प्रकट किया।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज