जातिगत जनगणना व बहुजन अधिकारों को लेकर आंदोलन की चेतावनी
जौनपुर। मड़ियाहूं विधानसभा क्षेत्र के रानीपुर चौराहे के समीप आयोजित मंडलीय समता सम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ. पल्लवी पटेल ने केन्द्र एवं प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार सभी मुद्दों पर पूरी तरह विफल साबित हो चुकी है और केवल भाषणबाजी तक सीमित रह गई है।


उन्होंने मांग की कि यूजीसी लागू किया जाए तथा अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) की जातिगत जनगणना शीघ्र कराई जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बहुजन समाज की मांगें नहीं मानी गईं तो वे सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगी।
डॉ. पटेल ने कहा कि जिस बहुजन समाज ने सरकार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, आज उसी के अधिकारों का हनन किया जा रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था को पूरी तरह विफल बताते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।
उन्होंने प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, अपराध और अराजकता पर भी चिंता व्यक्त की। कहा कि पूरे प्रदेश में लूट, हत्या और बलात्कार जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम जनता असुरक्षित महसूस कर रही है।


सम्मेलन को हरिश खान, अभय पटेल, राजेश पटेल, गगन यादव सहित कई वक्ताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन उमेश पटेल ने किया तथा अध्यक्षता अवधेश सरोज ने की। कार्यक्रम के संयोजक दीनानाथ सरोज रहे।
इस अवसर पर अरविंद कुमार पटेल (पूर्व जिलाध्यक्ष/उपाध्यक्ष), रामचंद्र पटेल, हरी प्रसाद सरोज, दीपक, राम श्रृंगार पटेल, रविंद्र पटेल, हेमा पटेल, बसंती मौर्य, रामचंदर कन्नौजिया, योगीराज पटेल, वृजेंद्र पटेल, मुन्ना पटेल, अशोक पटेल, संदीप गिरी, डॉ. सुरेश पटेल, भावेश पटेल, अच्छे लाल यादव, रोहित पटेल, संकल्प पटेल, परमेश पटेल, राकेश पटेल, जंग बहादुर पटेल सहित हजारों कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Author: fastblitz24

