जौनपुर : नगर पालिका परिषद शाहगंज की कार्यप्रणाली को लेकर सभासदों ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को दर्जनों सभासदों ने उप जिलाधिकारी (एसडीएम) शाहगंज से मुलाकात कर एक संयुक्त हस्ताक्षरित शिकायत पत्र सौंपा। इसमें उन्होंने अधिशासी अधिकारी (EO) और सफाई प्रभारी पर लापरवाही, जनहित के कार्यों में देरी और पक्षपात का गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कड़े एक्शन की मांग की है।
मृत मछलियों से महामारी की आशंका, 1076 की शिकायत पर जागा प्रशासन
शिकायत पत्र के अनुसार, यजमानकी मंदिर स्थित बुढ़वा बाबा पोखरे में गत 24 जुलाई को अचानक बड़ी संख्या में मछलियां मर गईं। स्थानीय लोगों व मंदिर के पुजारी द्वारा तुरंत नगर पालिका को इसकी सूचना दी गई। आरोप है कि ईओ और सफाई प्रभारी ने समय रहते कोई कदम नहीं उठाया। पोखरे से तेज दुर्गंध उठने और महामारी फैलने के डर से स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन (1076) पर शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद महकमा हरकत में आया और 27 जुलाई को मृत मछलियों को वहां से साफ कराया गया।
नगर की मुख्य समस्याएं जिनसे जूझ रही जनता:
आवारा पशुओं का आतंक: पालिका के पास पशु पकड़ने वाली गाड़ी उपलब्ध होने के बावजूद कोई प्रभावी अभियान नहीं चलाया जा रहा। आवारा पशुओं के कारण आए दिन लोग चोटिल हो रहे हैं। नामांतरण में खेल और अनदेखी: आरोप है कि आम जनता को नियमों का जाल दिखाकर परेशान किया जा रहा है, जबकि मिलीभगत के आधार पर कुछ चहेते लोगों का काम प्राथमिकता पर किया जा रहा है।
सड़क पर पड़ा मलबा: जेसीज चौराहे से आजमगढ़ रोड के बीच सड़क पर कई दिनों से मलबा फैला पड़ा है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है और हादसों की संभावना बनी हुई है।
”नगर पालिका प्रशासन की उदासीनता से आम जनता पस्त है। अगर निष्पक्ष जांच कर लापरवाह अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।”
— विरोध दर्ज करा रहे सभासद
प्रदर्शन में ये सभासद एवं प्रतिनिधि रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने व विरोध जताने वालों में प्रमुख रूप से:
वरिष्ठ सभासद: राम प्रसाद मोदनवाल, परवेज अहमद, छेदीलाल वर्मा, श्याम जी गुप्ता, रूपेश जायसवाल, गणेश चौहान, मनीष जायसवाल, अर्पित जायसवाल, श्रेयांश मोदनवाल, किरण सोनी, संगीता यादव, संगीता जायसवाल, सुशीला देवी, मोहसिना, फैजान अहमद, अब्दुल्ला राईन, सिकंदर साहू, प्रेमचंद, शिवप्रसाद। सभासद प्रतिनिधि: आशुतोष अग्रहरि ‘डंपी’, अखिलेश यादव, अमन सोनी आदि शामिल रहे।




