जौनपुर । कोतवाली थाना क्षेत्र के ओलंदगंज मोहल्ले में सरायपोख्ता पुलिस चौकी से महज चंद कदम की दूरी पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया है।
घटना मंगलवार तड़के की है। मॉर्निंग वॉक पर निकले स्थानीय लोगों ने चौराहे के पास स्थित मंदिर की नाली में औंधे मुंह पड़े एक युवक के शव को देखा। मृतक की उम्र लगभग 30 वर्ष आंकी जा रही है। देखते ही देखते मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पास की पुलिस चौकी से जवान भी मौके पर पहुंच गए।
पहचान के प्रयास जारी: पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवा कर काफी देर तक स्थानीय लोगों की मदद से पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के लिए जिला अस्पताल के शवगृह में 72 घंटे के लिए सुरक्षित रखवा दिया है।
मौत का कारण अस्पष्ट: घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इसे दुर्घटना मान रहे हैं तो कुछ हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।




