Fastblitz 24

जौनपुर में किसानों की समस्याओं और बिगड़ी कानून व्यवस्था को लेकर ‘अपना दल (कमेरावादी)’ का प्रदर्शन

नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन

पेट्रोल में एथेनॉल मिलावट और बढ़ती महंगाई पर जताई तीखी नाराजगी

जौनपुर। जौनपुर जनपद मुख्यालय पर मंगलवार को ‘अपना दल (कमेरावादी)’ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदेशव्यापी आह्वान पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। पार्टी जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ताओं ने सरकार पर जनविरोधी नीतियों और प्रदेश में बदतर होती कानून-व्यवस्था का आरोप लगाते हुए जोरदार नारेबाजी की।

​प्रदर्शन के उपरांत, पार्टी कार्यकर्ताओं ने नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह को राज्यपाल के नाम संबोधित एक ज्ञापन सौंपा।

किसानों की बदहाली और प्रशासनिक विफलता का मुद्दा

ज्ञापन के माध्यम से पार्टी ने मांग की है कि वर्तमान धान रोपाई के सीजन में किसान पानी और खाद की भारी किल्लत से जूझ रहे हैं, जिसे लेकर सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। वक्ताओं ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में किसान, युवा और बेरोजगार वर्ग गहरे संकट में है। इसके अलावा, पेट्रोल में एथेनॉल की मिलावट, कमरतोड़ महंगाई और बेरोजगारी को लेकर भी सरकार की नीतियों पर कड़े सवाल उठाए गए।

‘कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त’

पार्टी नेताओं ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में चोरी, लूट, हत्या और डकैती जैसी घटनाएं आम हो गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून का शासन समाप्त हो चुका है। वक्ताओं ने कठोर लहजे में कहा कि इन विफलताओं को देखते हुए प्रदेश सरकार को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए।

​इस प्रदर्शन में अखिलेश सिंह, दीनानाथ सरोज, राम सिंगार पटेल, रामचंद्र पटेल, अवधेश सरोज, तेजलाल पटेल, शारदा पटेल, हेमा पटेल, रागिनी गौतम, तीर्थराज सरोज, चंद्रमणि पटेल, अमर लक्ष्मी सरोज, संगीता गौतम, हरिप्रसाद सरोज, डॉ. लालजी पटेल, प्रमोद पटेल और सुनील पटेल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज