Fastblitz 24

शाही ईदगाह में अकीदत के साथ अदा हुई ईद की नमाज़, अमन-चैन की गूंज उठी दुआ

मौलाना फैसल कमर की इमामत में नमाज़, मुल्क की तरक्की और भाईचारे के लिए मांगी गई दुआ; सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम

🗞️
जौनपुर। जिले में ईद-उल-फितर का पर्व हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। शहर की ऐतिहासिक शाही ईदगाह समेत जामा मस्जिद, लाल दरवाजा और अन्य प्रमुख मस्जिदों में ईद की नमाज़ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। सुबह से ही नमाजियों का उत्साह देखते ही बन रहा था और ईदगाहों में भारी भीड़ उमड़ी।


शहर की प्रमुख शाही ईदगाह में सुबह 9:15 बजे ईद की नमाज़ अदा की गई, जिसकी इमामत मौलाना फैसल कमर ने की। नमाज़ के बाद उन्होंने मुल्क की तरक्की, आपसी भाईचारे और विश्व शांति के लिए विशेष दुआ मांगी। अपने खुत्बे में उन्होंने लोगों को बुराइयों से दूर रहने, नेक रास्ते पर चलने और समाज में सहयोग व सौहार्द बढ़ाने का संदेश दिया।
नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर “ईद मुबारक” कहा और खुशियां साझा कीं। ईदगाह कमेटी के सेक्रेटरी मोहम्मद शोएब, संचालक नेयाज ताहिर शेखू, रियाजुल हक़ खान, मौलाना खुजैमा, मौलाना अफाक, ताज मोहम्मद, जफर राजा और हाजी इमरान सहित अन्य लोगों ने आयोजन में विशेष सहयोग दिया।
नमाज़ के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

प्रशासन की ओर से जारी गाइडलाइंस का पालन करते हुए लोगों ने ईदगाह परिसर में ही नमाज़ अदा की। मौके पर एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की भी व्यवस्था रही, साथ ही साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा गया।
ईदगाह के बाहर लगे मेलों में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। बच्चे अपनी ईदी से खिलौने और मिठाइयां खरीदते नजर आए, जिससे त्योहार की रौनक और बढ़ गई।


नमाज़ के बाद विभिन्न धर्मों के लोगों ने ईदगाह पहुंचकर आपसी प्रेम और सौहार्द का संदेश दिया। इस दौरान सांसद बाबू सिंह कुशवाहा, पूर्व विधायक अरशद खान, नदीम जावेद, आरिफ हबीब, इंदु सिंह सहित जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर गंगा-जमुनी तहजीब की सुंदर मिसाल देखने को मिली।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज