जौनपुर। जिले की खुटहन थाना पुलिस को चेकिंग के दौरान एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सुईथाखुर्द नहर पुलिया के पास पुलिस और बाइक सवार शातिर बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक अंतर्जनपदीय हिस्ट्रीशीटर गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके एक अन्य साथी को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों के पास से असलहा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
जानकारी के अनुसार, थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह अपनी टीम के साथ सुईथाखुर्द नहर पुलिया के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बाइक से आ रहे दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग झोंक दी।
पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई करते हुए सरकारी पिस्टल से गोली चलाई, जिससे एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई और वह वहीं गिर पड़ा। वहीं उसके दूसरे साथी को पुलिस टीम ने मौके से दबोच लिया।




